हरिद्वार/सर्वोदय न्यूज़: श्रावण मास की भारी भीड़ के बीच हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में रविवार को अचानक भगदड़ मच गई। इस दुखद हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, सुबह दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के दौरान मंदिर परिसर में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इससे श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वे स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और घटनास्थल की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने माता मनसा देवी से सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

घटना के तुरंत बाद आपातकालीन मेडिकल सेवाएं सक्रिय की गईं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
श्रावण के पवित्र महीने में हर साल लाखों श्रद्धालु मनसा देवी दर्शन के लिए हरिद्वार पहुंचते हैं। व्यवस्था की कमी और भीड़ प्रबंधन में चूक इस हादसे का कारण मानी जा रही है। स्थानीय प्रशासन इस घटना की जांच कर रहा है।



