स्पोर्ट्स/सर्वोदय न्यूज़:- एशिया कप 2025 को लेकर गहराया विवाद अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। 24 जुलाई को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में होने वाली एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) की बैठक पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने साफ कर दिया है कि अगर बैठक ढाका में होती है, तो वह इसका बहिष्कार करेगा।
BCCI ने इस फैसले के पीछे राजनीतिक और कूटनीतिक कारणों का हवाला दिया है। यह सूचना एसीसी और पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी को औपचारिक रूप से दे दी गई है।
भारत को मिला अन्य बोर्ड्स का समर्थन
भारत के अलावा, श्रीलंका, अफगानिस्तान और ओमान के क्रिकेट बोर्ड भी इस बैठक में शामिल न होने का संकेत दे चुके हैं। इन देशों ने भी ढाका को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। सूत्रों के मुताबिक, “यदि बैठक का स्थान नहीं बदला गया, तो एशिया कप के आयोजन पर गंभीर असर पड़ेगा।”
एसीसी अध्यक्ष पर दबाव, पर वे अड़े
मोहसिन नकवी की जिद पर सवाल उठ रहे हैं कि वे क्यों ढाका में ही बैठक पर अड़े हैं, जबकि प्रमुख सदस्य बोर्ड लगातार स्थान परिवर्तन की मांग कर रहे हैं। एसीसी संविधान के मुताबिक, अगर प्रमुख बोर्ड बैठक में शामिल नहीं होते, तो किसी भी प्रस्ताव को वैध नहीं माना जा सकता।
एशिया कप पर संकट
एशिया कप की प्रस्तावित तारीख सितंबर 2025 है, लेकिन ढाका में बैठक को लेकर बढ़ते विवाद के चलते टूर्नामेंट के स्थगित होने की आशंका गहराने लगी है। अभी तक एसीसी की तरफ से आयोजन स्थल को बदलने को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।
सूत्र बोले – भारत पर दबाव बनाने की कोशिश
ANI से जुड़े एक सूत्र ने बताया, “यह ढाका में बैठक आयोजित करने की जिद भारत पर दबाव बनाने की रणनीति है। हम कई बार स्थान बदलने का अनुरोध कर चुके हैं, लेकिन एसीसी अध्यक्ष की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।”



