न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- टीम इंडिया के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट की दूसरी पारी में खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। इस शून्य ने उनके एक खास रिकॉर्ड का अंत कर दिया। अब वह मौका भी हाथ से निकल गया जिसमें वे सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाज़ों की खास लिस्ट में शामिल हो सकते थे।
जायसवाल इंग्लैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाज़ी के लिए पहचाने जाते रहे हैं। उन्होंने अब तक इस टीम के विरुद्ध 8 टेस्ट मुकाबलों में 67.50 की औसत से कुल 945 रन बनाए हैं। लेकिन लॉर्ड्स टेस्ट की दूसरी पारी में पहली बार वह ‘डक’ यानी बिना खाता खोले आउट हुए, जिससे उनका लगातार इंग्लैंड के खिलाफ रन बनाने का शानदार सिलसिला टूट गया।
क्रिकेट इतिहास में अब तक सिर्फ दो भारतीय खिलाड़ी ऐसे रहे हैं जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ बिना एक भी बार शून्य पर आउट हुए 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं—सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा। सचिन ने इंग्लैंड के खिलाफ 2535 रन और रोहित ने 1147 रन बनाए, और इन रनों के दौरान एक बार भी जीरो पर आउट नहीं हुए।
यशस्वी के पास इस दुर्लभ क्लब में शामिल होने का शानदार मौका था। वे केवल 55 रनों की दूरी पर थे, लेकिन लॉर्ड्स टेस्ट की इस पारी में वह बिना खाता खोले आउट हो गए और इस तरह वह सुनहरा मौका हाथ से निकल गया।
मैच की स्थिति की बात करें तो इंग्लैंड ने तीसरे टेस्ट में भारत को जीत के लिए 193 रनों का लक्ष्य दिया है। जवाब में भारतीय टीम ने 58 रनों पर ही अपने चार विकेट गंवा दिए हैं। टीम को अभी भी 135 रनों की जरूरत है, जबकि इंग्लैंड को जीत के लिए 6 विकेट चाहिए। मैच का पांचवां दिन बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।


