नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक और अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। उन्हें त्रिनिदाद एंड टोबैगो के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित किया गया। इस सम्मान को प्राप्त करने वाले मोदी पहले विदेशी नेता बन गए हैं।
इस नए सम्मान के साथ, पीएम मोदी के नाम अब कुल 25 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार हो गए हैं। त्रिनिदाद एंड टोबैगो की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कंगालू ने उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।
वैश्विक नेतृत्व और भारतीय डायस्पोरा से जुड़ाव के लिए सम्मान
प्रधानमंत्री को यह पुरस्कार उनके:
- वैश्विक नेतृत्व,
- भारतीय प्रवासी समुदाय से गहरे जुड़ाव,
- और कोविड-19 महामारी के दौरान मानवीय प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है।
सम्मान मिलने पर पीएम मोदी ने कहा: “मैं ‘ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित होने पर गौरवान्वित हूं। मैं इसे 140 करोड़ भारतीयों की ओर से स्वीकार करता हूं।”
प्रधानमंत्री मोदी इन दिनों पांच देशों की बहुपक्षीय विदेश यात्रा पर हैं। त्रिनिदाद एंड टोबैगो उनकी यात्रा का दूसरा चरण है। 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है इस कैरेबियाई राष्ट्र में। इससे पहले, वह घाना पहुंचे थे, जहां उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से नवाजा गया।
त्रिनिदाद एंड टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने इस पुरस्कार की घोषणा करते हुए कहा: “पीएम मोदी की यात्रा हमारे साझा गौरव और ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक है।”



