‘हेरा फेरी 3’ विवाद: परेश रावल के फिल्म छोड़ने पर अक्षय कुमार की कंपनी ने भेजा लीगल नोटिस

मुंबई/सर्वोदय:- बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी ‘हेरा फेरी’ की तीसरी किस्त पर संकट के बादल मंडराते नजर आ रहे हैं। फिल्म में ‘बाबू भैया’ के किरदार से दर्शकों का दिल जीतने वाले दिग्गज अभिनेता परेश रावल ने ‘हेरा फेरी 3’ से अचानक हटने का फैसला लिया है। इस फैसले के बाद अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस ‘केप ऑफ गुड फिल्म्स’ ने परेश रावल को कानूनी नोटिस भेजा है।

₹11 लाख की अग्रिम राशि पर विवाद, कानूनी संकट में फंसे बाबू भैया

सूत्रों के मुताबिक, परेश रावल को फिल्म में काम करने के लिए पहले ही ₹11 लाख की अग्रिम राशि दी जा चुकी थी। इस भुगतान के बावजूद अचानक फिल्म से हटना अब उन्हें कानूनी मुश्किलों में डाल सकता है। प्रोडक्शन हाउस की ओर से कहा गया है कि यह केवल एक अभिनेता के फिल्म छोड़ने का मामला नहीं है, बल्कि इससे पूरे प्रोजेक्ट की प्रतिष्ठा और निवेश को नुकसान पहुंचा है।

पहले ही हो चुकी है ट्रेलर और कुछ सीन की शूटिंग

फिल्म की कानूनी प्रतिनिधि पूजा तिडके ने एक साक्षात्कार में बताया कि परेश रावल ने न केवल फिल्म के लिए अनुबंध साइन किया था, बल्कि उन्होंने 3 से 3.5 मिनट का ट्रेलर फुटेज भी शूट कर लिया था। उन्होंने आगे कहा,“कुछ दिनों पहले परेश जी की ओर से एक पत्र आया जिसमें उन्होंने प्रोजेक्ट से अलग होने की जानकारी दी। यह हमारे लिए बहुत बड़ा झटका था।”

सात दिन में जवाब देने की डेडलाइन, नहीं तो कानूनी कार्रवाई तय

प्रोडक्शन कंपनी ने परेश रावल को 7 दिनों का समय दिया है ताकि वे नोटिस का जवाब दे सकें। यदि इस अवधि में जवाब नहीं दिया गया या समाधान नहीं निकलता, तो प्रोडक्शन हाउस कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए तैयार है। पूजा तिडके ने यह भी कहा कि वे बातचीत से समाधान निकालने के पक्ष में हैं, लेकिन कानूनी विकल्प भी पूरी तरह खुले हैं।

प्रियदर्शन के निर्देशन में बन रही हेरा फेरी 3′

फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ का निर्देशन कर रहे हैं मशहूर फिल्ममेकर प्रियदर्शन, और यह फ्रेंचाइज़ी लंबे समय से दर्शकों की पसंदीदा रही है। फिल्म में अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी की क्लासिक तिकड़ी को एक बार फिर साथ लाने की योजना थी, लेकिन परेश रावल के अचानक बाहर होने से फिल्म की शूटिंग और भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles