कानपुर/सर्वोदय:- उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में शुक्रवार शाम को एक अजीबो-गरीब घटना सामने आई, जब एक युवक को उसकी गर्लफ्रेंड के साथ सड़क किनारे चाऊमीन खाते देख उसके माता-पिता ने सार्वजनिक रूप से उसकी पिटाई कर दी। यह घटना गुजैनी थाना क्षेत्र के रामगोपाल चौराहा पर हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 21 वर्षीय रोहित अपनी 19 वर्षीय प्रेमिका के साथ एक फूड स्टॉल पर बैठकर चाऊमीन खा रहा था, तभी उसके माता-पिता शिवकरण और सुशीला मौके पर पहुंच गए। बेटे के रिश्ते को लेकर पहले से नाराज़ माता-पिता ने गुस्से में आकर दोनों को भरी सड़क पर डांटा और मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लड़के की मां ने युवती को बालों से पकड़ने की कोशिश की और बेटे को भी चप्पल से पीटा। पिता द्वारा भी बेटे पर हाथ उठाए जाने की पुष्टि हुई है। घटना के दौरान मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। गुजैनी थाना प्रभारी ने बताया कि मामला फिलहाल जांच में है और सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है। कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी जारी है।



