नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़:- दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारने के मामले में विवादों में घिर गए हैं। तिलक नगर में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने मंत्री के खिलाफ नॉन-कॉग्निजिबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज की है। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) ने मामले में एफआईआर दर्ज करने और मंत्री की गिरफ्तारी की मांग की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद बढ़ गया है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को तिलक नगर का दौरा किया। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए और थप्पड़ मारने की घटना में प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि घटना का वीडियो सामने आने के बावजूद पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है। भारद्वाज के मुताबिक, पार्टी के नेता विकासपुरी थाने पहुंचे और एफआईआर की कॉपी मिलने तक वहां से नहीं हटने की बात कही।
प्रवेश वर्मा ने बताई थप्पड़ मारने की वजह
इस पूरे विवाद पर प्रवेश वर्मा ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह सड़क निर्माण की गुणवत्ता का निरीक्षण करने गए थे। उन्होंने स्थानीय विधायक जरनैल सिंह को भी मौके पर बुलाया था, लेकिन विधायक अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने लगे।
मंत्री का आरोप है कि इस दौरान एक कार्यकर्ता ने उनके परिवार के सदस्यों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इससे नाराज होकर उन्होंने आवेश में युवक को थप्पड़ मार दिया। वर्मा ने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें इस तरह की प्रतिक्रिया नहीं देनी चाहिए थी।
दूसरी ओर, तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह ने मंत्री के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं को उजागर करने के दौरान मंत्री नाराज हो गए और वीडियो बना रहे युवक को थप्पड़ मार दिया।
विधायक ने युवक द्वारा मंत्री के परिवार को गाली देने के आरोप को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और इससे जुड़े वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं।
दोनों पक्षों की शिकायतें पुलिस के पास
मामले में पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिली हैं। थप्पड़ मारने की घटना में संबंधित युवक ने मंत्री के खिलाफ शिकायत दी है। दूसरी तरफ पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों ने विधायक जरनैल सिंह और उनके सहयोगियों पर सरकारी काम में बाधा डालने, धमकाने और दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं।
मंत्री के खिलाफ एनसीआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, एनसीआर और एफआईआर अलग-अलग कानूनी प्रक्रियाएं हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी मंत्री के खिलाफ एफआईआर और गिरफ्तारी की मांग पर कायम है।


