कानपुर/ सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया। ग्वालटोली थाना क्षेत्र के नत्था पुरवा इलाके में ट्रेनिंग उड़ान के दौरान चार सीटर एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर जा गिरा। हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने इलाके को घेरकर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया।
कानपुर कैंट से भरी थी उड़ान
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक एयरक्राफ्ट ने गुरुवार सुबह करीब 11:20 बजे कानपुर कैंट क्षेत्र से उड़ान भरी थी। विमान ट्रेनिंग फ्लाइट पर था। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही नत्था पुरवा क्षेत्र में यह हादसे का शिकार हो गया।
विमान के जमीन पर गिरते ही तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल की ओर पहुंचने लगे। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें पहुंचीं और मलबे को सुरक्षित किया गया।
कर्नाटक और गुजरात के थे दोनों पायलट
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों पायलटों की पहचान अभिषेक पुजारी, निवासी कर्नाटक और सुमित भाटिया, निवासी गुजरात के रूप में बताई गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया है कि गुजरात निवासी सुमित भाटिया प्रशिक्षक थे और उनके पास करीब 3,000 घंटे का प्रशिक्षण अनुभव था। वहीं कर्नाटक निवासी अभिषेक पुजारी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे।
इटली की कंपनी का था एयरक्राफ्ट
जानकारी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त विमान इटली की कंपनी Tecnam का था। यह विमान कानपुर में प्रशिक्षण देने वाली Garg Aviation से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया गया है कि यह एयरक्राफ्ट वर्ष 2023 से कानपुर में प्रशिक्षण गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
हादसे की वजह अभी साफ नहीं
विमान दुर्घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य संभावित कारण को लेकर जांच की जा रही है। संबंधित विमानन अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई है।
अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल से विमान का मलबा सुरक्षित कर लिया है। विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।


