नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़: इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने श्रद्धालुओं के लिए ‘सप्त ज्योतिर्लिंग महायात्रा’ नाम से एक नया आध्यात्मिक रेल टूर पैकेज लॉन्च किया है। भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन के जरिए संचालित होने वाली यह यात्रा 25 सितंबर 2026 को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होगी। 11 दिनों की इस यात्रा में यात्रियों को मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
IRCTC के अनुसार, इस विशेष टूर पैकेज का उद्देश्य श्रद्धालुओं को आरामदायक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित धार्मिक यात्रा का अनुभव देना है। यात्रा के दौरान सात ज्योतिर्लिंगों के साथ-साथ द्वारकाधीश मंदिर, रुक्मिणी देवी मंदिर, बेट द्वारका, सोमनाथ, भालका तीर्थ और पंचवटी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के भी दर्शन कराए जाएंगे।
इन प्रमुख तीर्थस्थलों के होंगे दर्शन
यात्रा की शुरुआत मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग से होगी। इसके बाद श्रद्धालु ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे। गुजरात पहुंचने पर द्वारकाधीश मंदिर, रुक्मिणी देवी मंदिर, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, बेट द्वारका और सोमनाथ मंदिर की यात्रा कराई जाएगी।
इसके बाद ट्रेन महाराष्ट्र पहुंचेगी, जहां भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग, घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग, यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल एलोरा का कैलाश मंदिर, त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग और पंचवटी के दर्शन यात्रा का हिस्सा होंगे। इसके बाद ट्रेन दिल्ली लौटेगी।
होटल में ठहरने की सुविधा
IRCTC ने इस यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने के लिए केवल ट्रेन में रात्रि प्रवास पर निर्भर रहने के बजाय कई स्थानों पर 3-स्टार होटलों में ठहरने की व्यवस्था की है। इससे यात्रियों को सुविधाजनक और आरामदायक अनुभव मिलेगा।
ट्रेन में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन में यात्रियों के लिए AC-I, AC-II और AC-III श्रेणी के आधुनिक कोच उपलब्ध होंगे। ट्रेन में शुद्ध शाकाहारी भोजन, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग और अनुभवी IRCTC टूर मैनेजर की सुविधा भी दी जाएगी।
कितना है किराया?
इस धार्मिक यात्रा का शुरुआती किराया 88,810 रुपये प्रति व्यक्ति (ट्रिपल शेयरिंग) रखा गया है। वहीं, AC-I सिंगल शेयरिंग श्रेणी का अधिकतम किराया 1,34,255 रुपये है। IRCTC ने बताया कि भारत सरकार की ‘भारत गौरव ट्रेन योजना’ के तहत किराए में लगभग 33 प्रतिशत की रियायत पहले से शामिल की गई है।
पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?
यात्रा शुल्क में संबंधित श्रेणी में ट्रेन यात्रा, 3-स्टार होटल में ठहरने की सुविधा, शुद्ध शाकाहारी भोजन, एसी वाहनों से स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, यात्रा बीमा और IRCTC टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल हैं।
IRCTC ने बताया कि इस पैकेज की बुकिंग उसके आधिकारिक टूरिज्म पोर्टल और देशभर के अधिकृत टूरिज्म कार्यालयों के माध्यम से शुरू हो चुकी है।



