लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़: उत्तर प्रदेश सरकार के ‘वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ’ अभियान के तहत डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) ने शनिवार को 15 हजार पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ व्यापक पौधारोपण अभियान की शुरुआत की।
अभियान का शुभारंभ लखनऊ के जुगौर गांव, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में किया गया, जहां पहले चरण में करीब 2,000 पौधे लगाए गए। इसके साथ ही संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने आवासों पर भी लगभग 2,000 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
यह अभियान संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अभियान के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी नोडल अधिकारी डॉ. वंदना तिवारी (बायोकेमिस्ट्री विभाग) और सामुदायिक चिकित्सा विभाग की प्रो. विनीता शुक्ला ने निभाई।
कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा विभाग की अपर निदेशक नीलम मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस दौरान संस्थान के संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि 15 हजार पौधे लगाने का यह अभियान हरित वातावरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास है। संस्थान भविष्य में भी इस तरह के जनभागीदारी आधारित पर्यावरणीय अभियानों को जारी रखेगा।



