अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़: राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या देश के सबसे चर्चित रियल एस्टेट बाजारों में शामिल हो गया है। धार्मिक पर्यटन में आई तेजी के साथ यहां जमीन की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी बीच रियल एस्टेट कंपनी द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा (HoABL) के संस्थापक और चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है।
उन्होंने बताया कि बिग बी ने एक दिन उन्हें तड़के करीब 3 बजे फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो सकी। इसके बाद अमिताभ बच्चन ने खुद एक विनम्र संदेश भेजकर वापस कॉल करने का अनुरोध किया।
मिस्ड कॉल के बाद आया मैसेज
एक इवेंट में अभिनंदन लोढ़ा ने बताया कि जब उन्होंने अपना फोन देखा तो उसमें अमिताभ बच्चन की मिस्ड कॉल थी। इसके साथ एक संदेश भी था, जिसमें लिखा था कि “मैं अमिताभ बच्चन हूं, जब आपको उचित लगे कृपया मुझे वापस कॉल करें।”
लोढ़ा ने कहा कि संदेश पढ़कर वह तुरंत खड़े हो गए और बिना देर किए अमिताभ बच्चन को वापस फोन किया।
फोन पर क्या बोले अमिताभ बच्चन?
अभिनंदन लोढ़ा के अनुसार, बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने कहा, “अभिनंदन जी, मैं यूपी से हूं और अयोध्या जी में जमीन खरीदना चाहता हूं।” लोढ़ा ने बताया कि बिग बी करीब 15,000 वर्गफुट का प्लॉट खरीदना चाहते थे। जब उन्हें इसकी कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई गई तो उन्होंने अगले ही दिन पूरी राशि ट्रांसफर कर दी।
अयोध्या को निवेश नहीं, विरासत के रूप में देखा
लोढ़ा का कहना है कि अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में जमीन केवल निवेश के उद्देश्य से नहीं खरीदी, बल्कि इसे अपनी विरासत का हिस्सा माना। उनका मानना था कि राम मंदिर बनने के बाद अयोध्या का महत्व आने वाले वर्षों में और बढ़ेगा।
अयोध्या में बढ़ा पर्यटन, बढ़ीं जमीनों की कीमतें
राम मंदिर के उद्घाटन के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में तेज बढ़ोतरी हुई है। बेहतर सड़क, रेलवे और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के चलते शहर का बुनियादी ढांचा भी तेजी से विकसित हुआ है।
रियल एस्टेट विशेषज्ञों के अनुसार, राम मंदिर और सरयू रिवरफ्रंट के आसपास कई इलाकों में जमीनों की कीमतें पिछले कुछ वर्षों में कई गुना तक बढ़ चुकी हैं।
अयोध्या में कितनी जमीन खरीद चुके हैं अमिताभ बच्चन?
रिपोर्ट के अनुसार, अमिताभ बच्चन ने HoABL के प्रोजेक्ट्स में कई संपत्तियां खरीदी हैं।
- 2024 में करीब 10,000 वर्गफुट का पहला प्लॉट खरीदा।
- मई 2025 में सरयू के पास करीब 25,000 वर्गफुट जमीन खरीदी, जिसकी कीमत लगभग 40 करोड़ रुपये बताई गई।
- इसके बाद करीब 2.67 एकड़ भूमि भी खरीदी, जिसकी कीमत लगभग 35 करोड़ रुपये बताई गई।
कई सितारे भी कर चुके हैं निवेश
अयोध्या में सिर्फ अमिताभ बच्चन ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर, अभिनेत्री कृति सेनन और अभिनेता कार्तिक आर्यन के भी जमीन खरीदने की खबरें सामने आ चुकी हैं। राम मंदिर के बाद शहर में रियल एस्टेट और धार्मिक पर्यटन दोनों क्षेत्रों में तेजी से विकास देखा जा रहा है।



