बदायूं/सर्वोदय:— उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सास और दामाद के भागने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब बदायूं जिले से एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 4 बच्चों की मां अपनी बेटी के ससुर (समधी) के साथ फरार हो गई। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा को सवालों के घेरे में ला दिया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना बदायूं जिले के दातागंज कस्बे की है। यहां एक महिला को अपने समधी से इस कदर प्यार हो गया कि उसने अपनी बेटी के ससुर के साथ घर से फरार होने का फैसला कर लिया। हैरानी की बात यह है कि महिला की बेटी की शादी को महज तीन साल हुए हैं। महिला का पति पेशे से ट्रक ड्राइवर है और अधिकतर समय लम्बे रूट पर बाहर रहता है। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी उसकी गैरहाज़िरी में अपनी बेटी के ससुर को अक्सर घर बुलाती थी और अब तो वह सारे जेवर और नकदी लेकर उसी के साथ भाग गई।
पति का कहना है: “मैं ट्रक चलाता हूं, महीने में एक-दो बार घर आता हूं। पत्नी को समय पर पैसे भेजता था, लेकिन वह मेरी पीठ पीछे मेरी बेटी के ससुर को बुलाती थी। अब वह जेवर, सामान और रुपए लेकर उसी के साथ भाग गई है।”
बेटे का आरोप:
महिला के बेटे ने भी अपनी मां पर गंभीर आरोप लगाए हैं। “पापा अक्सर बाहर रहते थे। मम्मी हर तीसरे दिन अपने समधी को घर बुला लेती थीं। हमें दूसरे कमरे में भेज दिया जाता था। अब वो अपने समधी के साथ टेंपो में बैठकर चली गईं।”
पड़ोसियों ने क्या कहा?
मोहल्ले वालों का कहना है कि महिला अक्सर समधी को बुलाती थी। “महिला का पति तो महीने में दो बार ही आता था। लेकिन समधी तो देर रात आता और सुबह जल्दी निकल जाता। वो रिश्तेदार था, इसलिए किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। अब वही महिला को लेकर फरार हो गया है।”



