UP News/सर्वोदय न्यूज़: भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करना समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. आरके वर्मा को भारी पड़ता नजर आ रहा है। वायरल सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में पुलिस ने विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर थाना पुलिस के अनुसार, विधायक से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो सामने आया था, जिसमें कंगना रनौत को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इस मामले में भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अंशुमान सिंह ने शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में क्या आरोप लगाए गए?
शिकायतकर्ता का आरोप है कि विधायक द्वारा सार्वजनिक मंच और सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी महिला सांसद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली है। साथ ही यह पोस्ट सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताई गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 (शांति भंग करने के उद्देश्य से जानबूझकर अपमान) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
फेसबुक पोस्ट को लेकर उठा विवाद
विवाद उस फेसबुक पोस्ट के बाद शुरू हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कंगना रनौत औरसायोनी घोष की तस्वीर साझा की गई थी। पोस्ट में लिखी गई टिप्पणी पर कई लोगों ने आपत्ति जताई और इसे अशोभनीय बताया।
पुलिस कर रही जांच
साइबर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल इस मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है और दोनों दलों के समर्थक सोशल मीडिया पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।



