गाजियाबाद सूर्या हत्याकांड: मुख्य आरोपी असद के घर पर प्रशासन का नोटिस, पीड़ित परिवार से मिले मंत्री

गाजियाबाद: खोड़ा क्षेत्र के नवनीत विहार में सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के मकान पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उप जिलाधिकारी द्वारा जारी नोटिस को मकान के बाहर चस्पा करते हुए 15 दिनों के भीतर कथित अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने ढोल-नगाड़ों और लाउडस्पीकर के माध्यम से पूरे इलाके में मुनादी कर कार्रवाई की जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार संबंधित संपत्ति अभी भी असद के पिता के नाम दर्ज है। हालांकि संपत्ति को बेचने की चर्चाएं सामने आई थीं, लेकिन गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के रिकॉर्ड में स्वामित्व में कोई बदलाव दर्ज नहीं हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कब्जा नहीं हटाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुनादी कर दी गई चेतावनी

रविवार को प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर सार्वजनिक घोषणा कराई। अधिकारियों ने बताया कि नोटिस के तहत मकान से जुड़े अवैध निर्माण या कब्जे को स्वयं हटाने का अवसर दिया गया है। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।

यह भी पढ़े: यूपी भाजपा संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी, नई टीम गठन को लेकर दिल्ली-लखनऊ में मंथन तेज

पीड़ित परिवार से मिले मंत्री

इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने मृतक सूर्या प्रताप चौहान के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहायता और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। मंत्री ने कहा कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की मांग

गौरतलब है कि 28 मई को 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान की चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मामले के मुख्य आरोपी असद की बाद में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक की मां और बहन ने कहा कि केवल मुख्य आरोपी ही नहीं, बल्कि इस साजिश में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने शेष आरोपियों की संपत्तियों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस और प्रशासन का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles