न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़: उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी दो चर्चित हस्तियां मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी और फर्रुखाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव गुरुवार को विवाह बंधन में बंध गए। दोनों ने हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित एक निजी रिजॉर्ट में परिवार और करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में शादी रचाई। शुक्रवार को दोनों की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
गौरव चौधरी ने बातचीत में शादी की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि यह दोनों की दूसरी शादी है। इससे पहले दोनों अपने-अपने जीवनसाथी से अलग हो चुके हैं।
राजनीति में चर्चित हैं दोनों चेहरे
मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी राजनीति में आने से पहले जर्मनी में कारोबार करते थे। भारत लौटने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और वर्ष 2021 में जिला पंचायत अध्यक्ष बनकर चर्चा में आ गए। गौरव की पहली शादी पहले ही टूट चुकी है और उनकी एक बेटी भी है।
वहीं फर्रुखाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता नरेंद्र यादव समाजवादी पार्टी सरकार में राज्यमंत्री रह चुके हैं। मोनिका वर्ष 2021 में समाजवादी पार्टी से अलग होकर भाजपा समर्थित उम्मीदवार के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष बनी थीं।
सीएम योगी की बैठक में हुई थी पहली मुलाकात
सूत्रों के अनुसार गौरव चौधरी और मोनिका यादव की मुलाकात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक बैठक के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे दोनों करीब आ गए। पिछले करीब एक साल से दोनों के रिश्ते की चर्चा राजनीतिक हलकों में चल रही थी।
बताया जा रहा है कि दोनों ने 28 मई को हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित रिजॉर्ट में बेहद निजी समारोह में शादी की। शादी को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था और इसमें केवल परिवार के सदस्य तथा करीबी दोस्त ही शामिल हुए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें
शादी के बाद जैसे ही दोनों की तस्वीरें सोशल media पर सामने आईं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने बधाइयों का सिलसिला शुरू कर दिया। अब दोनों की शादी प्रदेश की राजनीति में चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है।



