UPNews: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। महापौर सुषमा खर्कवाल के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ कई बड़े बयान दिए।
413 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 413 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पिछली सरकारों की अव्यवस्थाओं को सुधारने का काम किया है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कुछ लोग ढाई करोड़ रुपये की गाड़ी से आते हैं और 45 रुपये का गमला चोरी कर लेते हैं। उससे ज्यादा का तो तेल लग जाता है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा लगा कि ऐसे लोगों की तस्वीर चौराहों पर लगानी चाहिए ताकि जनता समझ सके कि सरकारी संपत्ति की रक्षा कितनी जरूरी है।
‘लखनऊ अब साफ और सुंदर शहर बन रहा’
सीएम योगी ने कहा कि नगर निगम, पार्षदों, अधिकारियों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास से लखनऊ की तस्वीर बदली है। उन्होंने दावा किया कि अब बाहर से आने वाले लोग भी राजधानी को साफ और सुंदर शहर के रूप में पहचानने लगे हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें परिवारवाद तक सीमित थीं, जबकि वर्तमान सरकार गरीबों और आम जनता के हित में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में गरीबों के लिए एक भी मकान स्वीकृत नहीं हुआ था।
सीएम के मुताबिक उनकी सरकार ने शहरी क्षेत्रों में 17 लाख और ग्रामीण इलाकों में 65 लाख गरीबों को आवास उपलब्ध कराए हैं।
महिला सुरक्षा को लेकर भी हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में महिला सुरक्षा बड़ी चुनौती थी और उस समय महिलाओं के लिए सबसे बड़ा खतरा सपा के लोग ही बने हुए थे।
यह भी पढ़े: CM योगी का मैसेज मिलते ही सड़को पर उतरे अफसर, DM और SP ने किया पैदल मार्च
उन्होंने कहा कि अब सरकारी योजनाओं का लाभ किसी एक परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है।
बिजली संकट पर भी बोले सीएम योगी
प्रदेश में बिजली की बढ़ती मांग को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा संकट केवल उत्तर प्रदेश की समस्या नहीं बल्कि वैश्विक चुनौती है। उन्होंने अमेरिका-ईरान तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है।
सीएम ने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश की बिजली की पीक डिमांड 5 से 6 हजार मेगावाट थी, जो अब बढ़कर 32 से 33 हजार मेगावाट तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि अब लोग बड़े पैमाने पर बिजली से खाना बना रहे हैं, जिससे खपत तेजी से बढ़ी है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि पहले प्रदेश में बिजली इतनी कम आती थी कि लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाने का काम करते थे।



