“दीदी आप हारी नहीं हैं” : ममता बनर्जी से मिले अखिलेश यादव, क्या हुई बात

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कोलकाता पहुंचकर Mamata Banerjee से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव Abhishek Banerjee भी मौजूद रहे। बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद हुई इस मुलाकात को राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।

टीएमसी सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच सकारात्मक माहौल में बातचीत हुई। बैठक की शुरुआत में अखिलेश यादव और अभिषेक बनर्जी ने एक-दूसरे को गले लगाकर अभिवादन किया। चर्चा के दौरान अखिलेश ने अभिषेक से कहा, “आप लोगों ने बहुत सराहनीय लड़ाई लड़ी है।” वहीं ममता बनर्जी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “दीदी, आप हारी नहीं हैं।”

भाजपा लोकतंत्र को कमजोर कर रही है: अखिलेश

मुलाकात से पहले मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मतदाताओं पर दबाव बनाया गया और लोग स्वतंत्र रूप से मतदान नहीं कर सके।

सपा प्रमुख ने कहा, “भाजपा ने लोकतंत्र को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। चुनाव के दौरान जो माहौल बनाया गया, उसमें आम मतदाता खुलकर अपनी बात नहीं रख पाया।”

महिलाओं की राजनीति से घबराई BJP: सपा प्रमुख

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीति में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और प्रभाव को स्वीकार नहीं कर पा रही है। उन्होंने चुनावी हिंसा, पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमलों और पार्टी कार्यालयों को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने दावा किया कि चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों की भारी तैनाती के जरिए एक “समानांतर व्यवस्था” तैयार की गई थी। अखिलेश के मुताबिक, मतदान प्रक्रिया के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों से कर्मियों को बुलाया गया था।

“बंगाल में भाजपा का रवैया चौंकाने वाला”

सपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने बंगाल चुनाव को काफी करीब से देखा और भाजपा का रवैया उन्हें हैरान करने वाला लगा।

यह भी पढ़े: मेरे PA की हत्या सोची-समझी साजिश, भबानीपुर में ममता को हराने की मिली सजा: शुभेंदु अधिकारी

उन्होंने कहा, “जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल हुआ और भाजपा ने जिस तरीके से चुनाव लड़ा, वह बेहद चौंकाने वाला था। बंगाल में भाजपा ने जो किया, उसका ट्रायल पहले यूपी में भी देखने को मिला था।”

बंगाल चुनाव में BJP को बड़ी बढ़त

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 207 सीटों पर जीत दर्ज कर बड़ी सफलता हासिल की है। वहीं पिछले 15 वर्षों से सत्ता में रही टीएमसी इस बार 80 सीटों तक सिमट गई।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles