न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार की राजनीति में लंबे समय से चर्चा का केंद्र बने निशांत कुमार अब आखिरकार सक्रिय राजनीति में उतर आए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल का पहला विस्तार किया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सभी नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
करीब तीन सप्ताह पहले जब सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी, उसी समय निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलें तेज थीं। हालांकि, उस वक्त निशांत कुमार ने यह कहते हुए डिप्टी सीएम बनने से इनकार कर दिया था कि वह पहले पूरे बिहार का दौरा कर जनता और संगठन को समझना चाहते हैं। इसके बाद जेडीयू ने वरिष्ठ नेताओं विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को अहम जिम्मेदारी सौंपी थी।
सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट विस्तार से पहले जेडीयू के वरिष्ठ नेता संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने निशांत कुमार से कई दौर की बातचीत की। इसके बाद उन्होंने सरकार में शामिल होने की सहमति दी। अब राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि उन्हें कौन सा विभाग सौंपा जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो निशांत कुमार को वही मंत्रालय मिल सकते हैं, जो फिलहाल जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव के पास हैं। हालांकि विभागों का अंतिम बंटवारा जल्द घोषित किया जाएगा।
युवा चेहरों पर भी था मंथन
निशांत कुमार के शुरुआती इनकार के बाद जेडीयू के युवा विधायकों में से किसी एक को मंत्री बनाए जाने की चर्चा भी जोरों पर थी। पार्टी के युवा चेहरों में रुहैल रंजन, अतिरेक कुमार, चेतन आनंद, कोमल सिंह, ऋतुराज कुमार और नचिकेता मंडल जैसे नाम सामने आए थे। लेकिन अंततः पार्टी नेतृत्व ने निशांत कुमार को ही सरकार में शामिल करने का फैसला किया।
यह भी पढ़े: सम्राट चौधरी कैबिनेट विस्तार में बड़ा बदलाव, मंगल पांडेय समेत तीन नेताओं का नाम कटा
भाजपा कोटे से बने मंत्री
भाजपा की ओर से विजय कुमार सिन्हा, रामकृपाल यादव, केदार गुप्ता, नीतीश मिश्रा, मिथिलेश तिवारी, रमा निषाद, दिलीप जायसवाल, श्रेयसी सिंह, प्रमोद चंद्रवंशी, लखविंदर पासवान, संजय टाइगर, इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र, नंद किशोर राम, रामचंद्र प्रसाद और अरुण शंकर प्रसाद को मंत्री बनाया गया है।
जेडीयू कोटे से इन नेताओं को मिली जगह
जेडीयू की ओर से निशांत कुमार, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, रत्नेश सदा, मदन सहनी, लेसी सिंह, श्वेता गुप्ता, बुलो मंडल, दामोदर रावत, भगवान सिंह कुशवाहा, सुनील कुमार, शीला मंडल और जमा खान को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। वहीं विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव पहले से ही कैबिनेट का हिस्सा हैं।
सहयोगी दलों को भी मिला प्रतिनिधित्व
एनडीए के सहयोगी दलों को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। लोजपा (रामविलास) से संजय सिंह और संजय पासवान, हम पार्टी से संतोष सुमन तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा से दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया गया है। दीपक प्रकाश को उपेंद्र कुशवाहा के करीबी नेता के रूप में देखा जाता है।



