न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार की राजनीति में गुरुवार को बड़ा राजनीतिक फेरबदल देखने को मिला। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कैबिनेट विस्तार में भारतीय जनता पार्टी ने कई पुराने चेहरों को बाहर का रास्ता दिखाते हुए नए नेताओं को मौका दिया है। भाजपा ने पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, सुरेंद्र मेहता और नारायण प्रसाद को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया है।
मंगल पांडेय की छुट्टी से बढ़ी राजनीतिक चर्चा
पश्चिम बंगाल भाजपा प्रभारी और बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय को मंत्रिमंडल से बाहर किए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि बंगाल चुनाव में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन के बाद पार्टी उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। मंगल पांडेय पहले भाजपा युवा मोर्चा, बिहार भाजपा अध्यक्ष और राष्ट्रीय सचिव जैसे अहम पद संभाल चुके हैं।
नीतीश मिश्रा और केदार गुप्ता की हुई वापसी
सम्राट चौधरी सरकार में पूर्व उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा और पूर्व पंचायती राज मंत्री केदार गुप्ता की वापसी हुई है। नीतीश मिश्रा पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा के बेटे हैं और इससे पहले जदयू तथा भाजपा दोनों सरकारों में मंत्री रह चुके हैं। वहीं केदार गुप्ता मुजफ्फरपुर की कुढ़नी सीट से तीन बार विधायक हैं।
यह भी पढ़े: Kanpur: रेलिंग तोड़कर बस नहर में गिरी, खिड़कियों का शीशा तोड़कर बाहर निकले यात्री
भाजपा ने चार नए चेहरों को बनाया मंत्री
भाजपा ने इस बार चार नए विधायकों को पहली बार मंत्री पद की जिम्मेदारी दी है। इनमें भागलपुर के बिहपुर से विधायक इंजीनियर शैलेंद्र कुमार, गोपालगंज की बैकुंठपुर सीट से विधायक मिथिलेश तिवारी, पश्चिम चंपारण की रामनगर सीट से विधायक नंदकिशोर राम और दरभंगा की हायाघाट सीट से विधायक रामचंद्र प्रसाद शामिल हैं।
सुरेंद्र मेहता और नारायण प्रसाद भी बाहर
भाजपा ने बेगूसराय जिले के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र मेहता और पश्चिम चंपारण के नारायण प्रसाद को भी मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया है। सुरेंद्र मेहता पूर्व में पशुधन और मत्स्य विभाग संभाल चुके हैं, जबकि नारायण प्रसाद के पास आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी थी।
आज मिलेगा सभी विभागों को नया मंत्री
सम्राट चौधरी सरकार में अब तक सीमित मंत्री ही विभागों का कामकाज संभाल रहे थे। कैबिनेट विस्तार के बाद अब सभी विभागों को नए मंत्री मिल जाएंगे, जिससे प्रशासनिक कामकाज में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।



