लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़: राजधानी लखनऊ में आयोजित NEET परीक्षा के दौरान एक अनोखा और प्रेरणादायक नज़ारा देखने को मिला। 65 वर्षीय अशोक बहार परीक्षा देने पहुंचे, जिससे परीक्षा केंद्र पर मौजूद युवा अभ्यर्थियों के बीच वे चर्चा का विषय बन गए। लखनऊ माण्टेसरी स्कूल में रविवार एक परीक्षा केंद्र पर 65 वर्षीय अशोक बहार ने नीट (NEET) दी। परीक्षा कक्ष में परीक्षा दे रहे दूसरे युवा परीक्षार्थियों में चर्चा का विषय रहा। युवाओं ने अशोक हौसले का सलाम किया। अधिक उम्र होने पर परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश के दौरान तलाशी के समय पुलिस व कर्मियों को संदेह होने पर पूछताछ की, लेकिन एडमिट कार्ड व आधार के मिलान कराने पर सब कुछ सही पाए जाने पर परीक्षा की अनुमति दी। इस उम्र में अशोक की यह पहल उन युवाओं के किसी प्रेरणा से कम नहीं है।
तलाशी में हुआ संदेह, दस्तावेज़ जांच के बाद मिली अनुमति
रविवार को लखनऊ मोंटेसरी स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पर जब अशोक बहार पहुंचे, तो अधिक उम्र के चलते सुरक्षा कर्मियों को संदेह हुआ। हालांकि, एडमिट कार्ड और आधार कार्ड के मिलान के बाद उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी गई।
उच्च शिक्षा के बाद भी सीखने की ललक बरकरार
परीक्षा के बाद अशोक बहार ने बताया कि वे लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र हैं और उनके पास एलएलबी व एमबीए की डिग्री है। वे एक खाद बनाने वाली कंपनी में मार्केटिंग प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि परिवार में चिकित्सा क्षेत्र का माहौल रहा है। उनकी पत्नी डॉक्टर हैं और अमेरिका में कार्यरत हैं, जबकि कई रिश्तेदार भी चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े हैं। इसी प्रेरणा से उन्होंने मेडिकल क्षेत्र में कदम बढ़ाने का निर्णय लिया।
“सपनों की कोई उम्र नहीं होती”
अशोक बहार का कहना है कि नीट जैसी परीक्षा के लिए कोई आयु सीमा नहीं होती और केवल उम्र या परिस्थितियों के कारण सपनों को छोड़ना नहीं चाहिए। उनका मानना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत का जज्बा हो, तो किसी भी उम्र में सफलता हासिल की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि उन्हें दवाओं की अच्छी जानकारी है, लेकिन डॉक्टर बनने के लिए डिग्री जरूरी है, इसलिए उन्होंने NEET परीक्षा दी। उन्होंने यह भी कहा कि सफलता मिले या न मिले, प्रयास जारी रखना चाहिए।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे उदाहरण
इससे पहले किशोर प्रधान (64 वर्ष) ने 2020 में NEET पास किया था, जबकि मोहन लाल (69 वर्ष) भी परीक्षा में शामिल हो चुके हैं।



