न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत कस्बे में सोमवार सुबह एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छत की सफाई के दौरान पानी के छींटे पड़ोसी के घर में गिरने पर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि पड़ोसियों ने 25 वर्षीय युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी, जबकि उसके परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
छत की सफाई के दौरान शुरू हुआ विवाद
घटना बड़ौत के बड़का रोड स्थित उर्दू कॉलोनी की है। यहां आस मोहम्मद की पत्नी गुड्डो छत पर पानी से सफाई कर रही थीं। इसी दौरान पानी की कुछ बूंदें पड़ोस में रहने वाले इरफान के घर में जा गिरीं। इसे लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई।
चाकू से हमला, युवक की मौत
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पड़ोसी पक्ष के लोग पथराव करते हुए घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आस मोहम्मद के बड़े बेटे शोएब पर चाकू से कई वार किए गए। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले में पिता आस मोहम्मद, मां गुड्डो, भाई फरमान और बहन फराह भी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमलावर फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का इलाज जारी है। मृतक के पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
तीन टीमों का गठन, जल्द गिरफ्तारी का दावा
एएसपी बागपत प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि मामूली विवाद में युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिवार में पसरा मातम, निकाह की चल रही थी तैयारी
बताया जा रहा है कि मृतक शोएब एक फैक्ट्री में काम करता था और उसके निकाह की तैयारी चल रही थी। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन इस घटना के बाद घर में मातम छा गया है।
यह भी पढ़े: छेड़खानी के विरोध पर पिटाई से युवक की मौत, उग्र भीड़ का पुलिस पर पथराव



