छेड़खानी के विरोध पर पिटाई से युवक की मौत, उग्र भीड़ का पुलिस पर पथराव

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र स्थित गायघाट गांव में रविवार देर शाम एक शादी समारोह के दौरान छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। दबंगों की पिटाई में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद गांव में तनाव फैल गया और उग्र भीड़ ने जमकर हंगामा किया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव से संभल निषाद के बेटे सिंटू की बारात सिकारीगंज थाना क्षेत्र के तामा गांव जाने वाली थी। बारात रवाना होने से पहले चल रही रस्मों के दौरान डीजे पर महिलाएं और युवतियां नृत्य कर रही थीं। इसी बीच गांव के कुछ युवकों ने कथित तौर पर महिलाओं और लड़कियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी और उन पर कंकड़ फेंकने लगे।
इस हरकत का अनिल (22) और दीपक समेत कुछ युवकों ने विरोध किया, जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।
बताया जा रहा है कि बारात रवाना होने के बाद जब अनिल अपने साथियों के साथ गाड़ी में बैठने जा रहा था, तभी आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में अनिल और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान अनिल की मौत हो गई, जबकि दीपक का इलाज जारी है।

यह भी पढ़े:- खत्म हो गया तेल का स्टॉक? मचा हड़कंप,इस राज्य में 400 से ज्यादा पंप बंद; सरकार अलर्ट

युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी पक्ष के घरों को घेर लिया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इतना ही नहीं, लोगों ने सड़क जाम कर शव रखकर प्रदर्शन भी किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ ने हटने से इनकार कर दिया।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब पुलिस ने जाम हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इससे नाराज भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे अफरातफरी मच गई। पुलिस ने किसी तरह हालात पर काबू पाया।
घटना की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर आठ नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles