सर्वोदय/नई दिल्ली:- समाजवादी पार्टी (सपा) से बगावत कर भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के प्रत्याशी का समर्थन करने वाले सात में से तीन विधायक मंगलवार को दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मिले। इस मुलाकात में बाहुबली विधायक अभय सिंह के साथ राकेश सिंह और विनोद चतुर्वेदी भी मौजूद रहे। भाजपा के राज्यसभा सांसद संजय सेठ भी इस बैठक में शामिल थे। इस मुलाकात के बाद एक बार फिर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
सपा से बगावत करने के बाद से ही इन विधायकों के भविष्य को लेकर विभिन्न अटकलें लगाई जा रही हैं। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले इन्होंने भाजपा का समर्थन किया था, लेकिन इन विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बावजूद पार्टी को लोकसभा चुनाव में विशेष लाभ नहीं हुआ। इस स्थिति के बाद से इनकी राजनीतिक भविष्यवाणी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं।
भा.ज.पा. में इस समय संगठन चुनाव हो रहे हैं और योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार को लेकर विचार विमर्श हो रहा है। ऐसे में इन विधायकों की गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, इस मुलाकात में इन विधायकों की भविष्य में राजनीति को लेकर भी चर्चा हुई। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की रणनीति और इन विधायकों की भूमिका पर भी विचार विमर्श किया गया है।
मुलाकात की जानकारी खुद विधायक अभय सिंह ने सार्वजनिक की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “भारतीय राजनीति के चाणक्य, देश के यशस्वी गृह एवं सहकारिता मंत्री आदरणीय श्री अमित शाह जी से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। आपका प्रेरणादायी मार्गदर्शन व आशीर्वाद सदैव ही नव-ऊर्जा एवं उत्साह के संचार को गति प्रदान करता है।”
हाल ही में अभय सिंह को लखनऊ हाईकोर्ट से जानलेवा हमले के मामले में बड़ी राहत मिली थी, और उनकी विधायकी पर लटकी तलवार हटा दी गई थी। इससे पहले कोर्ट के दो न्यायधीशों ने अलग-अलग फैसले दिए थे, लेकिन तीसरे न्यायधीश के फैसले ने अभय सिंह को राहत दी थी। कोर्ट से राहत मिलने के बाद से ही अभय सिंह की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अगले विधानसभा चुनाव में अभी दो साल का समय बाकी है, और इस दौरान ये विधायक अपनी राजनीतिक स्थिति को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।



