न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश की योगी सरकार स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में लगातार बड़े फैसले ले रही है। इसी क्रम में वर्ष 2026 में प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण और तकनीकी पदों पर बड़े पैमाने पर भर्तियां की जाएंगी। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए 1200 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा राजकीय मेडिकल कॉलेजों में सहायक आचार्य, आचार्य और प्रवक्ता (फार्मेसी) के पदों पर भर्ती की जाएगी। इस पहल से जहां एक ओर युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं प्रदेश की मेडिकल शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मेडिकल कॉलेजों में इन पदों पर होगी भर्ती
अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष ने बताया कि मुख्यमंत्री ने विभाग में रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत लोक सेवा आयोग, प्रयागराज को भर्ती का अधियाचन भेजा जा चुका है और जल्द ही विज्ञापन जारी किया जाएगा।
भर्ती विवरण इस प्रकार है—
- सहायक आचार्य: 1,112 पद
- आचार्य: 44 पद
- प्रवक्ता (फार्मेसी): 11 पद
इन सभी पदों पर चयन लोक सेवा आयोग के माध्यम से किया जाएगा।
1,230 नर्सिंग अधिकारियों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
योगी सरकार नर्सिंग कैडर को भी सशक्त करने जा रही है। लोक सेवा आयोग, प्रयागराज से चयनित 1,230 नर्सिंग अधिकारियों (महिला एवं पुरुष) को जल्द ही नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
यह भी पढ़े:- PCS अधिकारी के मकान में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस छापे में 4 युवतियां और
इससे सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और बेहतर होगी।
शोध और गुणवत्ता आधारित शिक्षा पर फोकस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर गुणवत्ता, शोध और व्यावहारिक प्रशिक्षण से जोड़ा जाए। बीते करीब नौ वर्षों में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है और अब लगभग हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं।
नए मेडिकल कॉलेजों के संचालन के लिए योग्य शिक्षकों और प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति सरकार की प्राथमिकता है। इस भर्ती से मेडिकल छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा, शोध गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और चिकित्सा शिक्षा राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित हो सकेगी।



