गोरखपुर/सर्वोदय न्यूज़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर गोरखपुर से सांसद और अभिनेता रवि किशन पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी करते हुए मंच से चुटकी ली। उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे।
एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में पहले फिल्म सिटी बनी होती, तो रवि किशन को मुंबई का रुख नहीं करना पड़ता। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि रवि किशन घर से मार से बचने के लिए निकले और बाद में फिल्मों में चले गए, जहां मेहनत के दम पर आज सफलता हासिल की।
फिल्म सिटी को लेकर दिया संदेश
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में फिल्म सिटी बनने से अब युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हर किसी को अवसर नहीं मिलता, लेकिन सरकार ऐसी व्यवस्था बना रही है जिससे ज्यादा से ज्यादा युवाओं को मौका मिल सके।
मंच से फिर दिखा हास्य अंदाज
कार्यक्रम के दौरान रवि किशन और कालीबाड़ी के महंत बाबा रविंद्र दास को लेकर भी मुख्यमंत्री ने हल्की-फुल्की टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि विरासत गलियारा बनने के बाद छुट्टियों में यहीं फिल्म की शूटिंग भी हो सकती है, जिससे माहौल में हंसी का दौर चल पड़ा।
इससे पहले भी होलिका दहन के मौके पर योगी आदित्यनाथ ने रवि किशन को लेकर मजाकिया टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि रवि किशन कहीं भी अपने हुनर से कमा सकते हैं, लेकिन संत-महंत के लिए ऐसी सुविधा नहीं होती। इस बयान पर भी लोगों ने जमकर ठहाके लगाए थे।



