लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे का एक भावनात्मक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मुख्यमंत्री जापान के यामानाशी क्षेत्र में रहने वाले भारतीय मूल के एक परिवार और उनके बच्चों से मुलाकात करते दिखाई दे रहे हैं।
जापान में प्रवासी भारतीयों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत की। इस दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। मुलाकात के समय एक बच्चे ने भगवान शिव का प्रसिद्ध मंत्र ‘कर्पूरगौरं करुणावतारं’ सुनाना शुरू किया, लेकिन बीच में रुक गया। इस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए मंत्र की पंक्ति पूरी कर दी और बच्चे का उत्साह बढ़ाया।
इसी क्रम में ‘गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः’ मंत्र का उच्चारण भी कराया गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने बच्चे का मार्गदर्शन किया। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट भी भेंट की और परिवार से उनके जीवन और जापान में अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि यह परिवार पहले भी होटल में मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा था, लेकिन बाद में रास्ते में दोबारा मुलाकात का अवसर मिला। इस दौरान परिवार की एक महिला ने अपने भारतीय मूल और सांस्कृतिक जुड़ाव के बारे में मुख्यमंत्री को बताया।
मुख्यमंत्री के साथ इस अवसर पर नंद गोपाल गुप्ता नंदी और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री का यह वीडियो भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति उनके जुड़ाव और स्नेह को दर्शाता है, जिसकी सोशल मीडिया पर काफी सराहना हो रही है।
मुख्यमंत्री का यह दौरा जापान के साथ औद्योगिक निवेश और आपसी सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।



