न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। मथुरा जिले के थाना सुरीर क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 88 के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से कानपुर जा रही एक निजी बस के कुछ यात्री टॉयलेट के लिए बस से नीचे उतरे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
यह हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि यात्रियों ने लघुशंका के लिए बस रुकवाने की मांग की थी। नियमों के अनुसार बस को निर्धारित ग्रीन जोन या वे-साइड एमेनिटी पर रोका जाना चाहिए था, लेकिन चालक ने एक्सप्रेसवे के बीच सड़क पर ही बस खड़ी कर दी। इसी दौरान यह भयावह दुर्घटना हो गई।
चार मृतकों की पहचान, दो की शिनाख्त जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अब तक चार मृतकों की पहचान हो चुकी है। इनमें देवेश (निवासी बस्ती), सोनू (निवासी औरैया), असलम (निवासी कन्नौज) और संतोष (निवासी दिल्ली) शामिल हैं। बाकी दो मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल यात्री को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
गलत जगह बस रोकना बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस को प्रतिबंधित स्थान पर खड़ा किया गया था। यमुना एक्सप्रेसवे पर बीच सड़क में वाहन रोकने की अनुमति नहीं है और केवल निर्धारित सुरक्षित जोन में ही रुकने की इजाजत होती है। अंधेरा और तेज रफ्तार होने के कारण कंटेनर चालक समय रहते बस को नहीं देख सका, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
यह भी पढ़े:- यूपी में बढ़ेंगी बिजली की दरें? दरें बढ़ाने पर नियामक आयोग करेगा सुनवाई, उपभोक्ताओं को
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।



