लखनऊ /सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की मछलीशहर (जौनपुर) से सांसद प्रिया सरोज की शादी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पहले जहां यह हाई-प्रोफाइल शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के होटल ताज में होने वाली थी, वहीं अब इसे टाल दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, शादी टलने की प्रमुख वजह रिंकू सिंह का घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट्स में व्यस्त होना बताया जा रहा है। रिंकू का क्रिकेट शेड्यूल काफी टाइट है, जिसके चलते यह फैसला लिया गया। शादी के लिए बुक किया गया होटल ताज, नदेसर (वाराणसी) की बुकिंग भी रद्द कर दी गई है।
दोनों परिवारों की आपसी सहमति से शादी की नई तारीख जल्द तय की जाएगी, हालांकि अभी तक नई डेट को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गौरतलब है कि कुछ सप्ताह पहले लखनऊ के एक आलीशान होटल में सगाई समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में खेल और राजनीति जगत की कई हस्तियां मौजूद थीं। सगाई समारोह के दौरान प्रिया सरोज के भावुक होने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
आपको बतादें कि प्रिया सरोज ने अपनी पसंद की डिजाइनर रिंग कोलकाता से मंगवाई थी। रिंकू सिंह ने खासतौर पर मुंबई से अंगूठी मंगवाकर उन्हें पहनाई। समारोह में परोसे गए व्यंजन भी दोनों की पसंद के अनुसार खासतौर पर चुने गए थे।
प्रिया सरोज के पिता और पूर्व विधायक तूफानी सरोज ने पहले स्पष्ट किया था कि शादी गांव में नहीं बल्कि किसी बड़े शहर में होगी। उनका कहना था, “शादी में कई बड़े राजनेता और क्रिकेटर शामिल होंगे, गांव में इतनी व्यवस्था कर पाना संभव नहीं।” इसी के बाद वाराणसी के होटल ताज में शादी तय की गई थी, जिसे अब टाल दिया गया है।



