वृन्दावन/सर्वोदय :- भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से अपने शानदार 14 साल के करियर को अलविदा कहने के अगले ही दिन मंगलवार को पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम में पहुंचकर आध्यात्मिक शांति का मार्ग चुना। दोनों को एक साथ श्री राधाकेलीकुंज आश्रम में देखा गया, जहां वे करीब तीन घंटे तक रुके और प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
विराट और अनुष्का की आश्रम से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। दोनों के चेहरों पर संतुष्टि और शांति के भाव स्पष्ट नजर आ रहे थे। इस दौरान महाराज जी ने विराट कोहली से पूछा – “क्या तुम खुश हो?” जिसके जवाब में कोहली ने मुस्कुराते हुए “हां” कहा।
पहले भी मिल चुका है आध्यात्मिक संबल
यह पहली बार नहीं है जब विराट कोहली प्रेमानंद महाराज की शरण में पहुंचे हों। इससे पहले जब वे खराब फॉर्म से जूझ रहे थे, तब भी उन्होंने आश्रम में दर्शन किए थे। उस समय आशीर्वाद के बाद विराट ने चैंपियंस ट्रॉफी में जबरदस्त वापसी की थी और पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाकर भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
14 साल का गौरवशाली टेस्ट करियर
विराट कोहली ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के ज़रिए टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने 123 टेस्ट मैचों में 9,230 रन, 30 शतक और 31 अर्धशतक बनाए। कोहली को आधुनिक युग के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिना जाता है।
आध्यात्मिकता और जीवन का संतुलन
पिछले कुछ वर्षों में विराट और अनुष्का को देशभर के विभिन्न मंदिरों और आश्रमों में जाते हुए देखा गया है। इस साल जनवरी में भी वे अपने बच्चे के साथ वृंदावन आए थे और प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया था।
विराट कोहली का यह आध्यात्मिक रुख उनके जीवन के नए अध्याय की शुरुआत का संकेत देता है। क्रिकेट से कुछ दूर होकर अब वे आत्मिक शांति और निजी जीवन में संतुलन की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।



