न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाना है. इस अहम मैच से पहले भारतीय टीम इंदौर पहुंचकर तैयारियों में जुटी हुई है. मुकाबले से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी धार्मिक स्थलों पर जाकर आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं.
इसी क्रम में भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे. दोनों खिलाड़ियों ने बाबा महाकाल के दर्शन किए और भस्म आरती में भी भाग लिया. यह दर्शन शनिवार 17 जनवरी की सुबह हुए, जब कोहली और कुलदीप तड़के 4 बजे होने वाली भस्म आरती में शामिल हुए.
जानकारी के अनुसार, दोनों क्रिकेटर करीब दो घंटे तक मंदिर परिसर में मौजूद रहे. उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती देखी और इस दौरान भगवान शिव का जाप भी किया. विराट कोहली की मौजूदगी को देखते हुए मंदिर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. बावजूद इसके, दोनों खिलाड़ियों ने पूरे मन से पूजा-अर्चना और दर्शन किए.
दर्शन के बाद महाकालेश्वर मंदिर समिति की ओर से विराट कोहली और कुलदीप यादव को बाबा महाकाल का प्रसाद और तस्वीर भेंट की गई. दोनों ने गर्भगृह की चौखट से बाबा महाकाल के दर्शन कर जल अर्पित किया. इससे पहले शुक्रवार को भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल भी महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे.
यह भी पढ़े:– ‘क्या पुरुष भी हो सकते हैं गर्भवती?’ अमेरिकी सीनेट में डॉक्टर से सवाल, जवाब पर
अब सभी की नजरें 18 जनवरी के मुकाबले पर टिकी हैं. उम्मीद की जा रही है कि महाकाल का आशीर्वाद टीम इंडिया के साथ रहेगा और भारत न्यूजीलैंड को हराकर सीरीज अपने नाम करेगा. विराट कोहली के लिए यह मैच खास मायने रखता है, क्योंकि इंदौर का होलकर स्टेडियम उनके लिए अब तक अनुकूल साबित नहीं हुआ है. इस मैदान पर वनडे क्रिकेट में कोहली ने चार पारियों में केवल 99 रन बनाए हैं और अभी तक यहां उनके बल्ले से न तो शतक निकला है और न ही अर्धशतक.
#WATCH | Madhya Pradesh | Former Indian Captain and Star Cricketer Virat Kohli, along with Kuldeep Yadav, offered prayers at Shree Mahakaleshwar Temple in Ujjain. pic.twitter.com/GirLTB7j6I
— ANI (@ANI) January 16, 2026
ऐसे में फैंस यही उम्मीद कर रहे हैं कि महाकाल के आशीर्वाद से विराट कोहली इंदौर में अपने आंकड़ों को सुधारेंगे और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे.



