न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। योगी सरकार ने यूपी पुलिस में आरक्षी (सिपाही) एवं समकक्ष पदों पर होने वाली भर्ती में आयु सीमा को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। सरकार ने सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट देने का ऐलान किया है।
दरअसल, यूपी पुलिस में करीब 32 हजार से अधिक पदों पर सीधी भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी होने के बाद से ही अभ्यर्थी आयु सीमा बढ़ाने की मांग कर रहे थे। इस मुद्दे को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही थी, जिसे अब राज्य सरकार ने स्वीकार कर लिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस फैसले की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यूपी पुलिस में 32,679 आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 3 वर्ष का शिथिलीकरण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं की मेहनत और आकांक्षाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।
यह भी पढ़े:- युवाओं के लिए खुशखबरी: घर बैठे हो जाएगा ये काम, योगी सरकार देगी नई सुविधा
सरकार का यह निर्णय उत्तर प्रदेश लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा का शिथिलीकरण) नियमावली-1992 के नियम-3 के तहत लिया गया है। यह फैसला 31 दिसंबर 2025 को जारी भर्ती विज्ञप्ति के क्रम में 5 जनवरी 2026 को जारी शासनादेश के माध्यम से लागू किया गया है। इससे उन लाखों अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा, जो अब तक आयु सीमा के कारण भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो रहे थे।
गौरतलब है कि यूपी पुलिस भर्ती 2026 की घोषणा के साथ ही आयु सीमा बढ़ाने की मांग जोर पकड़ने लगी थी। इस मुद्दे पर विपक्ष के साथ-साथ सत्तारूढ़ दल के कई नेताओं ने भी समर्थन किया था। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जहां इस मांग को उठाया था, वहीं भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आयु सीमा में छूट देने का अनुरोध किया था।
सरकार के इस फैसले को प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।



