लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘कौशल कॉल सेंटर’ की शुरुआत की है। कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बुधवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) मुख्यालय में इस कॉल सेंटर का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंत्री ने कॉल सेंटर के माध्यम से पूर्व में प्रशिक्षित एक छात्र से फोन पर बातचीत कर उसके अनुभवों की जानकारी ली और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर गांव और शहर के युवाओं तक मिशन की योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और रोजगार अवसरों की सटीक जानकारी सीधे पहुंचे, ताकि कोई भी युवा केवल जानकारी के अभाव में अवसर से वंचित न रह जाए।
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा कि यह कॉल सेंटर केवल सूचना केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं और उनके सपनों के बीच एक मजबूत सेतु है। तकनीक के माध्यम से अब प्रशिक्षण से लेकर प्लेसमेंट तक की जानकारी सरलता से उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि नियमित फीडबैक और संवाद के जरिए युवाओं को बेहतर अवसरों से जोड़ा जाएगा।
30 सदस्यीय टीम करेगी संचालन
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि कॉल सेंटर में 30 सदस्यीय प्रशिक्षित टीम तैनात की गई है, जिन्हें 15 दिन का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। आगामी सोमवार से टीम पूर्ण रूप से कार्य शुरू कर देगी। कॉल सेंटर के जरिए प्रशिक्षण केंद्रों में अध्ययनरत युवाओं से सीधे फीडबैक लिया जाएगा, जिससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढ़े:- यूपी में शिक्षामित्रों की ग्राम पंचायत तैनाती कब? मंत्री संदीप सिंह ने दिया जवाब
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद भी युवाओं की प्लेसमेंट और रोजगार प्रगति पर नजर रखी जाएगी। वर्तमान में मिशन के तहत करीब 35 सेक्टर और 1300 से अधिक जॉब रोल्स में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ‘कौशल कनेक्ट सेल’ के सक्रिय होने से उद्योग की मांग और प्रशिक्षण के बीच की दूरी कम होगी तथा युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
सरकार का मानना है कि यह पहल प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



