न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होते ही कोडीन युक्त कफ सिरप मामला छा गया। सत्र से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए शायरी के जरिए पलटवार किया। सीएम योगी ने कहा कि जांच होने दीजिए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कफ सिरप कांड में पकड़े गए आरोपियों के साथ समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों की तस्वीरें सामने आई हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “यही कसूर मैं बार-बार करता रहा, धूल चेहरे पर थी, आईना साफ करता रहा।”
सीएम योगी ने दावा किया कि प्रदेश के अधिकांश माफियाओं के संबंध पहले समाजवादी पार्टी से रहे हैं और प्रारंभिक जांच में कफ सिरप मामले में भी ऐसे ही तथ्य सामने आए हैं।
अखिलेश यादव का शायरी में जवाब
सीएम योगी के बयान पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उसी अंदाज में पलटवार किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जब ख़ुद फंस जाओ, तो दूसरे पर इल्ज़ाम लगाओ। ये खेल हुआ पुराना, हुक्मरान कोई नई बात बताओ।”
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दिखाई तस्वीरें
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मीडिया को कफ सिरप कांड के वांछित आरोपियों की तस्वीरें सपा मुखिया के साथ दिखाईं। उन्होंने सवाल उठाया कि आरोपियों के सपा नेतृत्व के साथ संबंधों को स्पष्ट किया जाए। ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार पर आरोप मढ़ने का प्रयास कर रही है, जबकि सरकार निष्पक्ष जांच करा रही है।
यह भी पढ़े:- मृत्यु के समय हमारे साथ क्या जाता है? प्रेमानंद महाराज ने बताया जीवन का गूढ़ सत्य
विधानसभा में सपा का प्रदर्शन
सत्र के दौरान सपा विधायक कफ सिरप की बोतल और पोस्टर लेकर विधानसभा पहुंचे। विधायकों ने सवाल उठाया कि तस्करी में शामिल बड़े लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। वहीं, विधान परिषद में शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर सपा सदस्यों ने नारेबाजी कर बहिर्गमन किया।
कैशलेस इलाज पर सरकार का आश्वासन
विधान परिषद में सरकार की ओर से नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए कैशलेस इलाज से संबंधित शासनादेश जल्द जारी किया जाएगा।
कोडीन मामले पर सीएम योगी का पक्ष
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कोडीन फॉस्फेट एनडीपीएस अधिनियम के तहत आने वाली औषधि है और इसके दुरुपयोग की शिकायतों के बाद एफएसडीए, यूपी पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई चल रही है। इस पूरे मामले की निगरानी राज्य स्तरीय एसआईटी कर रही है।
विधानसभा की कार्यवाही स्थगित
घोसी विधायक सुधाकर सिंह के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित होने के बाद विधानसभा की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित कर दी गई। मुख्यमंत्री और विपक्षी नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
24 दिसंबर तक चलेगा शीतकालीन सत्र
सीएम योगी ने बताया कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र 24 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष चर्चा होगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है।



