न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- आगरा कैंट-उदयपुर सिटी वंदेभारत ट्रेन 15 फरवरी 2026 से बंद हो जाएगी। रेलवे प्रशासन ने इसका आदेश जारी कर दिया है। 14 फरवरी के बाद इस रूट पर इस ट्रेन के लिए कोई रिजर्वेशन उपलब्ध नहीं होगा। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की कमी और वंदेभारत रैक की उपयोगिता के कारण यह फैसला लिया गया है।
यात्रियों को इस ट्रेन में 613 किलोमीटर की दूरी लगभग 8 घंटे 45 मिनट में पूरी करनी पड़ती थी। सामान्य ट्रेनों की तुलना में वंदेभारत का किराया अधिक था, जबकि अन्य ट्रेनों के मुकाबले इसका समय लगभग 30 मिनट ही कम था। हफ्ते में तीन दिन चलने वाली इस ट्रेन के बंद होने से आगरा के लोग भरतपुर, कोटा और उदयपुर सिटी जाने के लिए अब इसका विकल्प नहीं पाएंगे।
ट्रेन का परिचालन और इतिहास
- इस वंदेभारत ट्रेन का संचालन 2 सितंबर 2024 को शुरू हुआ था।
- सप्ताह में तीन दिन उदयपुर से आगरा और तीन दिन उदयपुर से जयपुर के लिए चलती थी।
- आठ कोच वाली ट्रेन सोमवार, गुरुवार और शनिवार को आगरा कैंट से चलकर रात 11:45 बजे उदयपुर सिटी पहुंचती थी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के रैक का उपयोग अगले महीने से असारवा (अहमदाबाद)-उदयपुर सिटी वंदेभारत के लिए किया जाएगा। इसी कारण उदयपुर वंदेभारत के साथ-साथ सप्ताह में तीन दिन चलने वाली उदयपुर सिटी-जयपुर वंदेभारत को भी बंद करने का निर्णय लिया गया है।
यात्रियों पर प्रभाव
- आगरा के हजारों छात्र, जो मेडिकल और इंजीनियरिंग कोचिंग के लिए कोटा जाते हैं, अब पैसेंजर ट्रेन पर निर्भर रहेंगे।
यह भी पढ़े:- गलत रिपोर्ट देने वाले अधिकारियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश
- पहले उदयपुर वंदेभारत की शुरूआत से छात्रों और उनके अभिभावकों को सुविधा मिली थी। अब ट्रेन बंद होने से उन्हें फिर परेशानी होगी।
अंतिम यात्रा
आईआरसीटीसी वेबसाइट पर गाड़ी सं. 20981/20982 के लिए एडवांस रिजर्वेशन केवल 14 फरवरी तक उपलब्ध है। 15 फरवरी से इस ट्रेन की यात्रा का विकल्प समाप्त हो जाएगा।



