न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़ :- लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) प्रमुख तेजप्रताप यादव फिर चर्चा में हैं। अपने बेबाक और खुलकर बोलने के अंदाज के लिए मशहूर तेजप्रताप ने हाल ही में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में कई अहम बातों का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि अब लालू यादव का दौर खत्म हो चुका है।
इस इंटरव्यू में तेजप्रताप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 10 में से 10 अंक दिए। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी उन्होंने खुलकर अपनी राय रखी। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी और अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव पर भी अपनी बातें साझा की।
यूट्यूबर प्रियंका शर्मा के साथ बातचीत में तेजप्रताप ने कहा कि बिहार में चुनाव में RJD केवल 25 सीटों तक सिमट गई, इसकी वजह उनके अलग रास्ते पर जाने को भी माना जा सकता है। उन्होंने कहा, “जब कृष्ण का सम्मान नहीं होगा तो यही नतीजा होगा। हम मान-सम्मान के लिए लड़ते हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने अपनी अलग राजनीतिक राह चुन ली है।
टिकट बंटवारे और जयचंद विवाद
बिहार चुनाव के दौरान टिकट बंटवारे को लेकर RJD पर पैसे लेने के आरोपों पर तेजप्रताप ने कहा, “हाँ, ऐसा जयचंदों ने किया होगा।” उन्होंने नाम गुप्त रखा लेकिन कहा कि ऐसे लोग परिवार के अंदर ही हैं और सबको पता है कि वे कौन हैं।
तेजस्वी के विदेश दौरे पर बयान
तेजस्वी यादव के हार के बाद विदेश दौरे पर जाने पर तेजप्रताप ने कहा कि हार के तुरंत बाद उनकी पार्टी ने समीक्षा बैठक की थी। उन्होंने कहा, “हार की वजह वही 5-6 लोग हैं। दुश्मन बाहर नहीं, घर के अंदर है।” उन्होंने यह भी बताया कि बड़े भाई होने के नाते उन्होंने अपनी जिम्मेदारी पूरी की।
मां राबड़ी देवी और बहन रोहिणी को लेकर विचार
मां राबड़ी देवी के आशीर्वाद के लिए तेजस्वी के घर जाने पर तेजप्रताप ने कहा कि उन्होंने मां का आशीर्वाद लिया, लेकिन अब वे अपनी अलग राजनीतिक राह पर आगे बढ़ चुके हैं।
यह भी पढ़े:- भारत के खिलाफ मैच से पाकिस्तान का कदम: विराट कोहली के कोच का बयान, कहा ‘भारी
बहन रोहिणी आचार्य के बारे में तेजप्रताप ने कहा कि वह भावुक हैं और उन्होंने परिवार में हुई घटनाओं को साझा किया। तेजप्रताप ने अपनी बहन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पिता को किडनी दान की थी।
लालू राज खत्म, अब सब बराबर
तेजप्रताप ने कहा कि वे परिवार से दूर रहते हैं और अपने परिवार को याद करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया, “राजा-प्रजा की बात अब नहीं, राजा गया, उसका राज खत्म।”
मोदी को 10 में 10
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम और उनके व्यक्तित्व को लेकर तेजप्रताप ने कहा, “हम उन्हें 10 में 10 देंगे। वो पूजा-पाठ करते हैं और हम भी करते हैं, इसलिए अंक कम नहीं देंगे।” वहीं सीएम नीतीश कुमार के बारे में उन्होंने कहा कि उनमें कोई कमी नहीं है, केवल बुर्का विवाद के कारण वीडियो वायरल हुआ था।



