न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार चुनाव के बीच राजनीति में एक दिलचस्प संयोग देखने को मिला जब लगातार दूसरे दिन पटना एयरपोर्ट पर जेजेडी प्रमुख तेज प्रताप यादव और भाजपा सांसद रवि किशन आमने-सामने आ गए। दोनों नेताओं की यह लगातार दूसरी मुलाकात है, जिसने सियासी गलियारों में चर्चाओं का माहौल बना दिया है।
तेज प्रताप यादव ने कहा, “यह सिर्फ संयोग है कि हम कल भी मिले और आज भी।” वहीं रवि किशन ने मुस्कराते हुए कहा —“एके कहल जाला, महादेव के जोड़ा… संगे शंखनाद होई।”
हालांकि दोनों ने इसे सामान्य मुलाकात बताया, लेकिन बिहार चुनावी माहौल में इसे लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं।
यह भी पढ़े:- तेज प्रताप यादव को मिली Y+ सिक्योरिटी, गृह मंत्रालय का बड़ा फैसला
इससे पहले शुक्रवार को भी एयरपोर्ट पर दोनों की मुलाकात हुई थी। रवि किशन ने उस समय कहा था कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महादेव के भक्त हैं। जो लोग निस्वार्थ भाव से सेवा करते हैं, उनके लिए भाजपा हमेशा दिल खोलकर खड़ी रहती है।” उन्होंने कहा कि “तेज प्रताप की छवि अब सकारात्मक रूप में दिख रही है, बाकी फैसला जनता करेगी।”
तेज प्रताप यादव भी पहले कह चुके हैं कि “जो बेरोजगारी मिटाएगा और रोजगार देगा, हम उसके साथ रहेंगे।” उन्होंने कहा था कि “हम भी टीका लगाते हैं और ये भी लगाते हैं, फिर सराहना क्यों नहीं करेंगे।”
हाल ही में हम पार्टी के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने तेज प्रताप को एनडीए में शामिल होने का न्योता भी दिया था। मांझी ने कहा था कि “अगर तेज प्रताप पीएम मोदी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर एनडीए में शामिल होते हैं, तो उनका स्वागत किया जाएगा।”



