न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- तमिलनाडु के करूर जिले में आयोजित एक राजनीतिक रैली में मची भगदड़ ने दर्दनाक रूप ले लिया है। अभिनेता और टीवीके (तमिलगा वेट्ट्री कज़गम) पार्टी प्रमुख थलपति विजय की रैली के दौरान 31 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में 6 बच्चे, 9 पुरुष और 16 महिलाएं शामिल हैं। यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यम ने शनिवार को दी। हादसे में 40 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
नामक्कल में विजय की रैली के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई। जैसे-जैसे लोगों की संख्या बढ़ती गई, भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। कई लोग बेहोश होकर गिरने लगे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। स्थिति बिगड़ती देख विजय ने अपना भाषण बीच में ही रोक दिया और लोगों को राहत देने के लिए मंच से पानी की बोतलें फेंकने लगे।
यह भी पढ़े:- यूपी में इस तारीख को स्कूल-कॉलेज, बैंक और दफ्तर रहेंगे बंद
एम्बुलेंस को भी भारी भीड़ के बीच से रास्ता बनाकर मौके तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। सूत्रों के अनुसार, कुछ की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने करूर हादसे को “बेहद चिंताजनक” बताया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री, जिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर राहत कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने आम जनता से संयम बरतने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा:“तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुआ यह हादसा बेहद दुखद है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”
घटना की गंभीरता को देखते हुए तमिलनाडु सरकार ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर डटी हुई हैं और हालात सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।



