स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- शुभमन गिल ने अपने टेस्ट कप्तानी डेब्यू में क्रिकेट फैंस और आलोचकों को चौंकाया है। रोहित शर्मा के अचानक टेस्ट संन्यास के बाद जब गिल को इंग्लैंड दौरे की कमान सौंपी गई, तो यह एक कठिन परीक्षा मानी जा रही थी। लेकिन गिल ने न केवल अपने प्रदर्शन से टीम को मजबूती दी, बल्कि बतौर कप्तान भी खुद को साबित किया।
5 मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही, लेकिन गिल की बल्लेबाजी ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। उन्होंने 10 पारियों में 754 रन बनाए — जो किसी भी भारतीय टेस्ट कप्तान द्वारा एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन हैं। यह आंकड़ा उन्हें डॉन ब्रैडमैन के बाद दूसरी पोजिशन पर ले जाता है, जिन्होंने 1936-37 एशेज में बतौर कप्तान 810 रन ठोके थे।
क्या अब वनडे की कप्तानी भी गिल के नाम?
पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने गिल के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे जल्द ही वनडे टीम की कप्तानी भी संभाल सकते हैं। कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा:”गिल तैयार हैं। वो न केवल रन बना रहे हैं, बल्कि नेतृत्व में भी आगे बढ़कर टीम को संभाल रहे हैं। अब सवाल यह है कि रोहित शर्मा कितने समय तक वनडे के कप्तान बने रहेंगे?”
ये भी पढ़े:– भारत लौटे हेड कोच गौतम गंभीर, बोले— शुभमन गिल की कप्तानी में पूरी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया
रोहित शर्मा पहले ही टेस्ट और टी20 फॉर्मेट को अलविदा कह चुके हैं। ऐसे में वनडे उनका आखिरी फॉर्मेट बचा है, जहां वे फिलहाल कप्तान हैं। लेकिन 2027 वर्ल्ड कप तक उनकी उम्र 40 हो जाएगी — और यही बात चर्चाओं का कारण बनी हुई है।
बीसीसीआई ने फिलहाल संकेत दिए हैं कि रोहित शर्मा वनडे में कप्तानी जारी रखेंगे, लेकिन शुभमन गिल की धमाकेदार एंट्री ने चयनकर्ताओं को एक मजबूत विकल्प जरूर दे दिया है।



