न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भोजपुरी सुपरस्टार और भाजपा सांसद रवि किशन शुक्ला को उनकी हालिया फिल्म ‘लापता लेडीज’ में दमदार अभिनय के लिए फिल्मफेयर अवार्ड 2025 में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिला। गुजरात में आयोजित इस भव्य समारोह में अवार्ड लेते वक्त रवि किशन भावुक हो उठे और मंच पर उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
पुरस्कार ग्रहण करते हुए उन्होंने अपने परिवार, विशेषकर पत्नी का ज़िक्र करते हुए कहा,“महादेव की कृपा और पत्नी के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। यह सम्मान मैं अपने दर्शकों, संसदीय क्षेत्र और देश को समर्पित करता हूं।”
33 साल बाद मिला फिल्मफेयर अवार्ड
रवि किशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर भी अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा: “33 साल बाद फ़िल्मफ़ेयर अवार्ड जीत गया… (Best Actor in Supporting Role). आप लोगों का, महादेव का, मेरे परिवार और पत्नी का साथ और आशीर्वाद मिला।”
यह भी पढ़े:- महिला पत्रकारों को लेकर विवाद के बाद अफगान विदेश मंत्री की नई…
यह पोस्ट वायरल हो रही है और उनके फैन्स, खासकर उत्तर भारत और भोजपुरी दर्शकों में खुशी की लहर है।
जनसेवा और अभिनय—दोनों में चमक
राजनीति और जनसेवा में भी रवि किशन लगातार सक्रिय हैं। हाल ही में उन्हें ‘सांसद रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया, जो संसद में उत्कृष्ट प्रदर्शन और जनहित में सक्रियता के लिए दिया जाता है। पिछले दिनों संसद में “समोसा और जीएसटी” बयान के चलते भी वे सुर्खियों में रहे थे।
‘लापता लेडीज’ को मिल रही है सराहना
किरण राव निर्देशित फिल्म ‘लापता लेडीज’ को न केवल दर्शकों बल्कि समीक्षकों से भी भरपूर सराहना मिल रही है। फिल्म की पटकथा, निर्देशन और अभिनय ने इसे साल की चर्चित फिल्मों में शुमार कर दिया है।



