न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- अगर आप ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए अहम है। भारतीय रेलवे ने यात्री किराए में बढ़ोतरी लागू कर दी है, जो आज यानी 26 दिसंबर से प्रभावी हो गई है। रेलवे ने साफ किया है कि 26 दिसंबर से पहले की गई बुकिंग पर नया किराया लागू नहीं होगा, लेकिन आज या इसके बाद कराई गई टिकट बुकिंग पर बढ़ा हुआ किराया देना होगा।
इन यात्रियों को राहत
रेलवे के मुताबिक उपनगरीय ट्रेन सेवाओं और सीजन टिकटों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी रोजाना लोकल ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों पर इस बढ़ोतरी का कोई असर नहीं पड़ेगा।
एक साल में दूसरी बार बढ़ा किराया
गौरतलब है कि यह पिछले एक साल में दूसरी बार है जब रेल मंत्रालय ने यात्री किरायों में संशोधन किया है। इससे पहले जुलाई 2025 में भी किराया बढ़ाया गया था।
कितना बढ़ा रेल किराया?
रेल मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार— 215 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा पर साधारण श्रेणी (जनरल क्लास) में 1 पैसा प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी, मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की गैर-वातानुकूलित श्रेणियों और सभी ट्रेनों की वातानुकूलित श्रेणियों में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की गई है
इन ट्रेनों में लागू हुआ नया किराया
नया किराया कई प्रमुख ट्रेनों पर लागू किया गया है, जिनमें शामिल हैं—
- राजधानी, तेजस राजधानी
- शताब्दी, दुरंतो
- वंदे भारत, हमसफर
- अमृत भारत, तेजस
- महामना, गतिमान
- गरीब रथ, जन शताब्दी
- अंत्योदय, युवा एक्सप्रेस
- नमो भारत रैपिड रेल
- सामान्य गैर-उपनगरीय सेवाएं (एसी मेमू/डेमू को छोड़कर)
- कितनी महंगी होगी आपकी यात्रा?
रेलवे ने दूरी के हिसाब से किराया बढ़ोतरी तय की है—
- 215 किमी तक: कोई बढ़ोतरी नहीं
- 216 से 750 किमी: ₹5 की वृद्धि
- 751 से 1250 किमी: ₹10 की वृद्धि
- 1251 से 1750 किमी: ₹15 की वृद्धि
- 1751 से 2250 किमी: ₹20 की वृद्धि
रेलवे का कहना है कि इस संशोधन से कम दूरी और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों पर असर नहीं पड़ेगा, जबकि लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को थोड़ा अतिरिक्त खर्च उठाना होगा।



