न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi और कांग्रेस के 25 सांसदों को गोली मारने की धमकी देने वाले आरोपी को राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर धमकी भरा वीडियो वायरल होने के बाद कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राज सिंह आमेरा के रूप में हुई है, जो कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वीडियो में वह खुद को करणी सेना और भाजपा का कार्यकर्ता बताते हुए राहुल गांधी को घर में घुसकर गोली मारने की धमकी देता नजर आ रहा है।
ओम बिरला का जिक्र कर दी धमकी
वीडियो में आरोपी ने लोकसभा अध्यक्ष Om Birla के कथित अपमान का हवाला देते हुए कांग्रेस सांसदों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। उसने दावा किया कि संसद में हुई घटना से भाजपा और करणी सेना कार्यकर्ताओं में रोष है और दोबारा ऐसी घटना होने पर सांसदों के घरों में घुसकर हमला किया जाएगा।
पुलिस की कार्रवाई
कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि वीडियो सामने आते ही पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो बनाने के पीछे उसका मकसद क्या था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार वह सोशल मीडिया पर चर्चा में आने के लिए ऐसे वीडियो बनाता था।
भाजपा ने किया किनारा
Bharatiya Janata Party के कोटा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने बयान जारी कर कहा कि वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति पार्टी से जुड़ा नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाली पार्टी है और इस प्रकार की भाषा या धमकी का समर्थन नहीं करती।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही हैं।



