न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को लेकर इन दिनों सियासी चर्चाएं तेज हैं। पार्टी नेतृत्व से मतभेद की खबरों के बीच अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वह युवाओं पर केंद्रित नई “Gen-Z” राजनीतिक पार्टी बनाने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।
इंस्टाग्राम पोस्ट से शुरू हुई चर्चा
दरअसल, Instagram पर वायरल एक रील को राघव चड्ढा ने शेयर किया, जिसमें एक क्रिएटर ने उन्हें “Gen-Z” आधारित नई पार्टी बनाने का सुझाव दिया था। इस पर चड्ढा ने सिर्फ इतना लिखा— “दिलचस्प विचार”।
यही छोटा-सा कमेंट अब बड़े सियासी संकेत के तौर पर देखा जा रहा है और अटकलों का दौर तेज हो गया है।
समर्थक ने क्या दिया सुझाव?
रील में क्रिएटर ने कहा कि देश का युवा वर्ग चाहता है कि चड्ढा अपनी अलग पहचान बनाते हुए नई पार्टी शुरू करें। उनका दावा था कि अगर वह किसी दूसरी पार्टी में जाते हैं तो उतना समर्थन नहीं मिलेगा, जितना अपनी खुद की पार्टी बनाने पर मिल सकता है।
AAP से दूरी की खबरें
हाल ही में आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया था। उनकी जगह अशोक कुमार मित्तल को यह जिम्मेदारी दी गई।
इस फैसले के बाद यह भी चर्चा रही कि चड्ढा और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के बीच मतभेद बढ़ रहे हैं।
आरोप और चड्ढा का जवाब
पार्टी की ओर से आरोप लगाया गया कि चड्ढा संसद में पंजाब से जुड़े मुद्दों को पर्याप्त रूप से नहीं उठा रहे हैं और “सॉफ्ट PR” पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
इन आरोपों के जवाब में राघव चड्ढा ने एक वीडियो जारी कर पंजाब के मुद्दों—जैसे भूजल स्तर और ऐतिहासिक विषय—पर अपनी बात रखी। उन्होंने इसे “ट्रेलर” बताते हुए कहा— “पिक्चर अभी बाकी है”।
क्या सच में बनेगी नई पार्टी?
फिलहाल राघव चड्ढा या आम आदमी पार्टी की ओर से नई पार्टी बनाने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन सोशल मीडिया संकेतों और हालिया घटनाओं के चलते राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं।



