न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- प्रयागराज की पॉक्सो कोर्ट में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने अब सीधे राजनीतिक नेताओं को निशाने पर लिया है। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास हिम्मत है तो वे आकर अपने गुरु को बचाएं।
लैपटॉप में मौजूद गंभीर सबूत
आशुतोष ने मीडिया के सामने लैपटॉप दिखाते हुए दावा किया कि उनके पास आरोपों को साबित करने के पर्याप्त प्रमाण मौजूद हैं। उनके अनुसार, लैपटॉप में नाबालिग लड़कों और महिलाओं के साथ यौन शोषण की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित हैं। आशुतोष ने बताया कि पीड़ितों में लगभग 20 लड़के और कई महिलाएं शामिल हैं, जिनमें से दो पीड़ितों के बयान पहले ही कोर्ट में दर्ज हो चुके हैं और उनकी मेडिकल जांच भी पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आश्रम में स्वीमिंग पूल जैसी जगहों पर अनैतिक गतिविधियां होती थीं और अब इन सबूतों को मिटाने की कोशिश की जा रही है।
राजनीतिक हस्तियों की संलिप्तता का आरोप
आशुतोष ने आरोप लगाया कि शंकराचार्य के आश्रम में सपा और कांग्रेस के कई बड़े नेताओं का आना-जाना लगा रहता था। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यह भी देखा जाना चाहिए कि क्या ये नेता किसी तरह के यौन अपराध में शामिल थे। इसके अलावा, उन्होंने उत्तर प्रदेश के एक डिप्टी सीएम का भी इशारों में जिक्र किया, लेकिन अपनी सुरक्षा को लेकर नाम सार्वजनिक नहीं किया।
घोटाले और अन्य आरोपियों का खुलासा
आशुतोष ने यौन शोषण के अलावा आश्रम में 3-4 करोड़ रुपये के घोटाले का भी आरोप लगाया। उन्होंने शंकराचार्य के साथ उनके शिष्य मुकुंदानंद, मठ के सीईओ प्रकाश उपाध्याय, और अरविंद के नाम भी सामने रखे। आशुतोष ने विशेष रूप से आरोप लगाया कि प्रकाश उपाध्याय बच्चों के यौन शोषण में सीधे तौर पर शामिल है और उनकी भूमिका की गहन जांच जारी है।



