न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता मो. आज़म खान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘कट्टा’ (देशी पिस्तौल) वाले बयान पर तीखा पलटवार किया है। आज़म खान ने कहा कि “हमारे यहां तो इसे बेचने वाले का बेटा विधायक बना और उसे कमांडो सुरक्षा मिली है।”
आज़म खान गुरुवार को चुपचाप लखनऊ पहुंचे और एक होटल में ठहरे। उनके इस दौरे की जानकारी पहले से किसी को नहीं दी गई थी। हालांकि, होटल में सपा के कई नेताओं की आवाजाही से उनके आने की खबर फैल गई। उनसे मिलने वालों में पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा और पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी भी शामिल रहे।
“50 साल की सियासत, फिर भी मुझे भूमाफिया कहा गया”
पत्रकारों से बातचीत में आज़म खान ने कहा — “मैंने 50 साल सियासत की, लेकिन लखनऊ में मेरी कोई कोठी नहीं है। फिर भी मुझे भूमाफिया कहा जा रहा है। अगर मैं वाकई भूमाफिया होता, तो लखनऊ में मेरे पास भी आलीशान कोठी होती। रामपुर में मेरे घर के बाहर तो बारिश में पानी भर जाता है।”
यह भी पढ़े:- ये है अनोखा मंदिर दूर करता है प्रेम विवाह की बाधाएं, जानें मंदिर की खासियत
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “सवाल मत पूछिए, यूपी में कानून-व्यवस्था बहुत बेहतर है।”
“हमारे यहां कट्टा बेचने वाला विधायक बना”
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बिहार में कट्टा (देशी हथियार) संस्कृति पर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए आज़म खान ने कहा – “अगर प्रधानमंत्री को इतनी जानकारी है, तो यह भी बताएं कि कितने बरस कट्टा बिका। हमारे यहां तो कट्टा बेचने वाले का बेटा विधायक बन गया। उसे केंद्र सरकार के कमांडो गार्ड मिले हुए हैं। 1975 में जो कट्टे के ड्रम के साथ गिरफ्तार हुआ था, वह खुद विधायक बना और आज उसका बेटा भी विधायक है।”
“बिहार को जंगल कहना तौहीन है”
बिहार पर दिए गए ‘जंगलराज’ वाले बयानों पर आज़म खान ने कहा – “मैं बिहार चुनाव प्रचार में नहीं गया, क्योंकि वहां जो माहौल है, उसमें वही लोग जा सकते हैं जिनके पास सक्षम हथियार हैं। पर किसी राज्य को जंगल कहना उसकी तौहीन है। ऐसे अल्फाज़ जम्हूरियत (लोकतंत्र) में जगह नहीं रखते।”
भाजपा विधायक आकाश सक्सेना पर हमला
रामपुर से भाजपा विधायक आकाश सक्सेना पर निशाना साधते हुए आज़म खान बोले – “उनकी एफआईआर पर ही मैं, मेरी पत्नी और बेटा जेल गए थे।”
उन्होंने भाजपा नेता गिरिराज सिंह के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी — “बिहार पाकिस्तान नहीं है। उन्हें आज इसकी सफाई क्यों देनी पड़ी? इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए, जिससे यह लगे कि आप बहुत मासूम राय दे रहे हैं। हमारी उम्र में लोग मासूम हो ही जाते हैं।” सरकार गठन पर उन्होंने कहा — “जो भी सत्ता में आएगा, हम उसे सलाम करेंगे।”



