लखनऊ/बाराबंकी(सर्वोदय न्यूज़):- रामस्वरूप यूनिवर्सिटी में एलएलबी कोर्स की मान्यता रद्द होने के बावजूद एडमिशन देने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस कार्रवाई में 25 से अधिक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना ने देर रात तक तूल पकड़ लिया और छात्रों ने अस्पताल व डीएम आवास पर प्रदर्शन किया।
क्या है पूरा मामला?
बाराबंकी के रामस्वरूप यूनिवर्सिटी में LLB कोर्स की बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता रद्द हो चुकी है। इसके बावजूद विश्वविद्यालय द्वारा छात्रों को एडमिशन दिया जा रहा था। इसी को लेकर ABVP और छात्रों ने सोमवार को यूनिवर्सिटी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
घायल हुए छात्र, मचा हंगामा
लाठीचार्ज में कई छात्र घायल हुए। गुस्साए छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं ने देर रात अस्पताल और डीएम आवास के बाहर जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान, अफसर पर गिरी गाज
घटना की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए नाराजगी जताई।
सीएम ने:
- सीओ को तत्काल हटाने के आदेश दिए।
- अयोध्या मंडलायुक्त और IG को जांच सौंपी।
- कॉलेज की डिग्री की वैधता की जांच के निर्देश दिए गए।
- शाम तक रिपोर्ट मांगी गई है।
अब मंडलायुक्त और IG अयोध्या पूरे मामले की संयुक्त जांच करेंगे। दोषी अधिकारियों और संस्थान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।



