न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात पटना स्थित उनके आवास से हाई वोल्टेज ड्रामे के बीच गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी 31 साल पुराने एक मामले में की गई है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद स्वास्थ्य जांच के लिए उन्हें पटना के आईजीआईएमएस (IGIMS) ले जाया गया, जहां से बाद में पीएमसीएच (PMCH) शिफ्ट कर दिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान सांसद ने खुद को अस्वस्थ बताते हुए पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि गिरफ्तारी के लिए पहुंचे पुलिस अधिकारी सिविल ड्रेस में थे। पुलिस के पहुंचने के बाद पप्पू यादव को दवा लेते हुए भी देखा गया।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पप्पू यादव के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट साझा की गई, जिसमें दावा किया गया कि सांसद को पूरी रात आईजीआईएमएस में स्ट्रेचर पर रखा गया। सांसद के निजी सचिव के हवाले से बताया गया कि रातभर स्ट्रेचर पर रहने के बाद पटना पुलिस उन्हें पीएमसीएच लेकर जा रही है। पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि नीट से जुड़ी एक बेटी की लड़ाई लड़ने के कारण सत्ता और प्रशासन उनके खिलाफ साजिश कर रहे हैं। साथ ही बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं।
इधर, पप्पू यादव के अधिवक्ता शिवनंदन भारती ने पुलिस की कार्रवाई को नियमों के खिलाफ बताया है। उनके मुताबिक, सांसद 1995 के इस मामले में पहले ही जमानत पर थे और केस की निगरानी अधिवक्ता लिपिक के माध्यम से हो रही थी। वकील का आरोप है कि जमानत टूटने से संबंधित नोटिस की जानकारी जानबूझकर दबाई गई। उन्होंने कहा कि सीआरपीसी की धारा 82 के तहत नोटिस चस्पा करना जरूरी था, जो नहीं किया गया, और पुलिस सीधे धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी करने पहुंच गई, जो चौंकाने वाला है।
यह भी पढ़े:- Aaj Ka Rashifal 7 February 2026: किसे मिलेगा धन लाभ, किन राशियों को खर्च और सेहत
वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार, पप्पू यादव को आज अदालत में पेश किया जाएगा। कोर्ट के आदेश के आधार पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा सकता है। हालांकि उनकी तबीयत को देखते हुए अस्पताल में ही रखने का विकल्प भी खुला है। पेशी का समय फिलहाल तय नहीं किया गया है।
सूत्रों का कहना है कि पप्पू यादव अदालत में जमानत की अर्जी दाखिल कर सकते हैं। यदि कोर्ट से राहत मिलती है तो उन्हें रिहा किया जा सकता है। जमानत को लेकर उनकी लीगल टीम पूरी तैयारी में जुटी हुई है।



