न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) दिल्ली विस्फोट से जुड़े कई अनसुलझे राजों का पता लगाने के लिए जल्द ही डॉ. शाहीन अंसारी को लखनऊ और कानपुर ले जा सकती है। एजेंसी यह जांच करेगी कि डॉ. शाहीन इन दोनों शहरों में किस मकसद से गई थीं और किन लोगों से मिली थीं।
गुरुवार को एनआईए ने डॉ. शाहीन, आदिल, मुजम्मिल समेत चार लोगों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया। जांच में यह सामने आया कि डॉ. शाहीन विस्फोट से पहले लखनऊ और कानपुर गई थीं। दो महीने पहले वह लखनऊ में अपने भाई डॉ. परवेज और अन्य कुछ लोगों से मिली थीं। इसी दौरान उनके मददगारों से भी उनका संपर्क हुआ था। इसके बाद वह कानपुर भी गई थीं।
यह भी पढ़े:- नीतीश ने मोदी के पांव छूकर लिया आशीर्वाद? शपथ ग्रहण के दिन RJD का वीडियो अटैक
सूत्रों के मुताबिक, एनआईए डॉ. शाहीन को उसके परिवार और अन्य संदिग्धों के आमने-सामने भी ला सकती है ताकि सभी अनसुलझे सवालों के जवाब मिल सकें।
जांच में खुल रहे तथ्य
यूपी एटीएस और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पहले चार दिन लखनऊ और कानपुर में जांच की, लेकिन कई राज अभी भी अनसुलझे हैं। एनआईए अब दूसरी एजेंसियों से मिली जानकारी और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
मोबाइल नंबरों की सर्विलांस
दिल्ली विस्फोट के बाद 200 से अधिक संदिग्ध मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लिया गया है। इनमें लखनऊ, सहारनपुर और फरीदाबाद के डॉक्टरों के नंबर भी शामिल हैं। डॉ. शाहीन, उनके भाई डॉ. परवेज और डॉ. आदिल से लंबी पूछताछ के बाद इन नंबरों को चिन्हित किया गया। एनआईए की यह जांच विस्फोट के तारों और जुड़े नेटवर्क की पहचान करने में अहम भूमिका निभा सकती है।



