लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- यूपी की राजधानी में रविवार को कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने समाजवादी पार्टी (सपा) की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ कई अन्य नेता भी सपा में शामिल हुए। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी का स्वागत किया।
सपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम
समाजवादी पार्टी मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतापगढ़ सदर के पूर्व विधायक राजकुमार पाल, अनीश अहमद खान, देवरिया के पूर्व विधायक दीनानाथ कुशवाहा, एआईएमआईएम के पूर्व नेता दानिश खान, रंजना पाल (इटावा), पूनम पाल और अलका समेत अन्य नेताओं ने सपा की सदस्यता ली।
राजकुमार पाल ने कहा कि सपा ने हमेशा महारानी अहिल्याबाई होल्कर के सम्मान की लड़ाई विधानसभा और लोकसभा तक लड़ी है और समाज हमेशा सपा के साथ खड़ा रहेगा।
नेताजी से प्रेरणा
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा, “मैं हमेशा नेताजी मुलायम सिंह यादव से प्रभावित रहा हूँ। जब भी उनसे मिला, मैंने उन्हें अपना नेता माना। आज मैं अखिलेश जी का आभार व्यक्त करता हूँ।” उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव ने कभी धर्म आधारित राजनीति नहीं की और यही बात उन्हें प्रभावित करती है।
यह भी पढ़े:- लखनऊ: कफ सिरप तस्करी में अमित यादव गिरफ्तार, CM योगी ने सदन में नाम लिया था
कार्यक्रम के दौरान उनकी जुबान फिसल गई और उन्होंने कहा कि जो लोग आज बहुजन समाज पार्टी में शामिल हुए हैं… मंच से लोगों ने टोका कि वे सपा में शामिल हुए हैं। सिद्दीकी ने तुरंत इसे सुधारते हुए कहा कि बसपा से समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं।
सपा को मजबूत बनाने का संदेश
सिद्दीकी ने कहा, “हर व्यक्ति का स्वार्थ होता है, मेरा स्वार्थ समाज को मजबूत करना है। सपा मजबूत होगी तो हम भी मजबूत होंगे।” उन्होंने कानून व्यवस्था, विकास, महिला, किसान और युवाओं के अधिकार पर जोर देते हुए पार्टी अनुशासन और राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों का पालन करने की बात कही।
बसपा और कांग्रेस में अनुभव
नसीमुद्दीन सिद्दीकी पहले बसपा सरकार में मंत्री रह चुके हैं और मायावती के करीबी नेताओं में गिने जाते थे। इसके बाद वे कांग्रेस में शामिल हुए और अब उन्होंने सपा का दामन थाम लिया है। इस मौके पर 18 अन्य नेता भी बसपा से सपा में शामिल हुए।



