न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ कई बार कानूनी परेशानी का कारण बन जाती है। ऐसा ही मामला यूपी के मेरठ से सामने आया है, जहां ‘10 रुपये वाला बिस्कुट कितने का है जी’ वीडियो से फेमस हुए यूट्यूबर शादाब जकाती को पुलिस ने विवादित कंटेंट बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया। बाद में उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई।
फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लाखों फॉलोअर्स वाले शादाब पिछले कई वर्षों से कॉन्टेंट क्रिएशन कर रहे हैं। खाड़ी देशों में काम करने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाना शुरू किया और कम समय में काफी लोकप्रियता हासिल कर ली। हाल में वायरल हुए बिस्कुट वाला वीडियो भी इन्हें बड़ी पहचान दिलाने में कामयाब रहा।
किस वीडियो के कारण फंसे शादाब?
कुछ समय पहले शादाब जकाती ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ मिलकर एक वीडियो बनाया था, जिसमें वह दुकानदार की भूमिका में नजर आते हैं। वीडियो में एक बच्ची चिप्स-बिस्किट खरीदने आती है और कहती है कि उसकी माँ पैसे देंगी। बच्ची के जाते ही शादाब उस बच्ची की माँ को लेकर अशोभनीय टिप्पणी करते हैं और बाद में पैसे लेने उसके घर पहुंचते हुए ‘पप्पी’ मांगने वाली बात कहते दिखाई देते हैं।
यह भी पढ़े:- CM सिद्धारमैया का तंज-“शब्दों में ताकत तभी है जब लोगों का जीवन बदले”, शिवकुमार
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया। शास्त्रीनगर निवासी राहुल ठाकुर ने इस वीडियो को महिलाओं की छवि धूमिल करने वाला बताते हुए डीजीपी, सीएम, महिला आयोग और बाल आयोग तक शिकायत भेजी। शिकायत में POCSO एक्ट और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की गई।
गिरफ्तारी और जमानत
इंचौली पुलिस ने शिकायत और जांच के बाद गुरुवार को शादाब जकाती को थाने बुलाकर पूछताछ की और धारा 296 व 67 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया।
एसडीएम सदर डॉ. दीक्षा जोशी की कोर्ट में माफीनामा और शपथपत्र देने के बाद शादाब को जमानत मिल गई। इंचौली एसओ जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने पुष्टि की कि गिरफ्तारी के बाद कोर्ट से जमानत मिलते ही उन्हें रिहा कर दिया गया।



