न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- यूपी के मेरठ में चर्चित सौरभ हत्याकांड की आरोपी मुस्कान ने सोमवार को एक बच्ची को जन्म दिया। यह संयोग है कि जिस दिन सौरभ का जन्मदिन था, उसी दिन उसकी पत्नी मुस्कान ने मेडिकल कॉलेज के गायनी वार्ड में दूसरी बेटी को जन्म दिया।
रविवार देर रात जेल में मुस्कान की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे तुरंत मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों की एक टीम लगातार उसकी हालत की निगरानी कर रही थी। शाम करीब 7 बजे सामान्य प्रसव के जरिए मुस्कान ने बच्ची को जन्म दिया। जेल प्रशासन ने परिवार को सूचना दी, लेकिन सोमवार शाम तक कोई भी परिजन उससे मिलने नहीं पहुंचा।
प्रेम प्रसंग, बेहोशी की दवा और हत्या—ऐसे हुआ था खुलासा
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के इंदिरानगर निवासी मुस्कान का साहिल नाम के युवक से प्रेम संबंध था। वहीं, उसका पति सौरभ लंदन में एक बेकरी में काम करता था और फरवरी 2025 में छुट्टी पर मेरठ आया था।
3 मार्च की रात मुस्कान ने सौरभ के खाने में बेहोशी की दवा मिलाई। सौरभ के बेसुध होने पर मुस्कान और साहिल ने मिलकर चाकू से उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव के टुकड़े किए और उसे एक नीले ड्रम में सीमेंट डालकर बंद कर दिया।
यह भी पढ़े:- सहमति से संबंध और रेप में स्पष्ट अंतर: ब्रेकअप पर सुप्रीम कोर्ट की बड़ी टिप्पणी
दोनों हिमाचल भाग गए और 17 मार्च को वापस मेरठ लौटे। 18 मार्च को पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर मुस्कान और साहिल दोनों को गिरफ्तार कर लिया। 19 मार्च से दोनों मेरठ जेल में बंद हैं।
गर्भवती होने की पुष्टि पर मिली विशेष सुविधाएं
गिरफ्तारी के समय ही मुस्कान के गर्भवती होने की पुष्टि हुई थी। जेल प्रशासन ने उसे मेडिकल सुविधाएं और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई। रविवार रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर पहले उसे जेल अस्पताल में रखा गया, लेकिन अल्ट्रासाउंड सहित अन्य सुविधाओं के अभाव में उसे मेडिकल कॉलेज भेजना पड़ा।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के अनुसार,
“मुस्कान को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार को सुरक्षित प्रसव हुआ है। मुस्कान और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं।”
सौरभ की पहली बेटी नाना-नानी के पास, दूसरी बेटी भी उसी दिन जन्मी
सौरभ और मुस्कान की सात साल की बड़ी बेटी फिलहाल नाना-नानी के पास रह रही है। संयोग यह कि सौरभ का जन्मदिन 24 नवंबर है, और ठीक 24 नवंबर 2025 को ही मुस्कान ने दूसरी बेटी को जन्म दिया।
मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा के मद्देनजर मुस्कान के वार्ड के बाहर का पूरा क्षेत्र खाली कर दिया गया है। जेल प्रशासन की टीम उसके उपचार और सुरक्षा का पूरा जिम्मा संभाले हुए है।



